झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का समर्थन मिला है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि इस आंदोलन का नेतृत्व देवेंद्र महतो कर रहे हैं और वही इसके सबसे बड़े चेहरे हैं।
अभिजीत दीपके ने कहा कि उनकी पार्टी चाहती है कि आंदोलन का पूरा फोकस देवेंद्र महतो पर ही रहे। उनके मुताबिक, देवेंद्र महतो ने छात्रों की मांगों के लिए बड़ा त्याग किया है और उनकी लड़ाई को मजबूत करने के लिए पार्टी हर संभव मदद करेगी।
‘हमारी टीम मैदान में मौजूद है’
रांची जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर दीपके ने कहा कि उनकी टीम पहले से ही वहां मौजूद है। उन्होंने बताया कि देवेंद्र महतो कई दिनों से अनशन पर हैं और पार्टी के कार्यकर्ता लगातार उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि अभी उनका उद्देश्य आंदोलन को मजबूत करना है, न कि खुद को आगे लाना।
दीपके ने कहा कि वह लगातार झारखंड के छात्रों के संपर्क में हैं। उनके मुताबिक, जब देवेंद्र महतो विधानसभा घेराव के लिए निकले थे, तब उनकी टीम भी छात्रों के साथ मौजूद थी।
देशभर के छात्र आंदोलनों को समर्थन देने की बात
मीडिया से बातचीत में अभिजीत दीपके ने कहा कि छात्रों के मुद्दों पर उनकी पार्टी हमेशा साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी दल की हो, अगर छात्र अपने अधिकारों के लिए आंदोलन करेंगे तो CJP उनका समर्थन करेगी।
इस बीच अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर भी देवेंद्र महतो के समर्थन में संदेश लिखा। उन्होंने देवेंद्र महतो को झारखंड के युवाओं की आवाज बताते हुए उनके साहस और संघर्ष की सराहना की और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
गौरतलब है कि झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के विरोध में छात्रों का आंदोलन पिछले कई दिनों से जारी है। छात्र भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

