जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) अब अपने अगले कदम की तैयारी में जुट गई है। संगठन के संस्थापक जल्द ही दो दिन की बैठक करने जा रहे हैं, जिसमें भविष्य की रणनीति और कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। बैठक के बाद सीजेपी की ओर से प्रेस ब्रीफिंग भी की जाएगी, जिसमें संगठन के आगे के रोडमैप की जानकारी दी जाएगी।
सोनम वांगचुक से मिलता रहेगा मार्गदर्शन
सीजेपी के संस्थापक सौरव दास ने कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता Sonam Wangchuk आगे भी संगठन के मेंटॉर बने रहेंगे। उन्होंने बताया कि पार्टी समय-समय पर उनसे सलाह लेती रहेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि संगठन के सदस्य रांची भी जाएंगे और वहां के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर आगे की योजनाओं पर काम करेंगे।
देशभर में संगठन विस्तार पर होगी चर्चा
सौरव दास का कहना है कि जंतर-मंतर प्रदर्शन को देश के अलग-अलग हिस्सों से समर्थन मिला था। यही वजह है कि अब विभिन्न राज्यों में संगठन को मजबूत करने और नए लोगों को जोड़ने पर विचार किया जाएगा। बैठक में इसी को लेकर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।
बेरोजगारी और ईंधन जैसे मुद्दे भी एजेंडे में
सीजेपी के एक अन्य संस्थापक अभिजीत दीपके ने बताया कि बैठक में बढ़ती बेरोजगारी, एथेनॉल मिश्रित ईंधन (E20) और अन्य जनहित के मुद्दों पर भी चर्चा होगी। उनका कहना है कि फिलहाल संगठन खुद को एक दबाव समूह (प्रेशर ग्रुप) के रूप में देखता है, जो जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने का काम करेगा।
फिलहाल चुनाव लड़ने की योजना नहीं
राजनीति में आने के सवाल पर अभिजीत दीपके ने कहा कि अभी उनकी चुनाव लड़ने की कोई योजना नहीं है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अगर भविष्य में लोगों का व्यापक समर्थन मिला और जनता ने चाहा, तो नई राजनीतिक पार्टी बनाने या चुनावी राजनीति में उतरने पर विचार किया जा सकता है। उनके मुताबिक इस समय देश को नई पार्टी से ज्यादा एक मजबूत जन-आंदोलन की जरूरत है, जो संस्थाओं के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ाने का काम करे।

