जंतर-मंतर पर जारी CJP के प्रदर्शन के बीच संगठन ने साफ कर दिया है कि उसकी सबसे बड़ी मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा है। CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि अगर यह मांग पूरी नहीं होती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और जल्द ही देशभर में बड़े स्तर पर नया आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया जा सकता है।
आशुतोष रांका ने बताया कि फिलहाल सरकार के साथ कई मुद्दों पर बातचीत चल रही है। उन्हें उम्मीद है कि आज मुआवजे और कानूनी कार्रवाई से जुड़े मामलों पर सरकार की ओर से लिखित समझौता मिलेगा। उन्होंने कहा कि संगठन सरकार की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहा है और आगे की रणनीति उसी के आधार पर तय की जाएगी।
रांका के मुताबिक, CJP की मांग सिर्फ इस्तीफे तक सीमित नहीं है। संगठन चाहता है कि मुआवजे, कानूनी कार्रवाई और जिम्मेदारी तय करने जैसे मुद्दों पर सरकार ठोस कदम उठाए। उनका कहना है कि इससे छात्रों और उनके परिवारों की चिंताओं का समाधान हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि अगर सरकार की ओर से मांगों पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। वहीं, यदि बातचीत सकारात्मक रहती है, तो आगे की कार्रवाई पर उसी के मुताबिक फैसला लिया जाएगा।

