Site iconSite icon SHABD SANCHI

मौत से पहले मेहंदी से लिखी आपबीती, फिर महिला की चली गई जान, जांच में जुटी पुलिस

chindwarachindwara

chindwara

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के चौरई थाना इलाके के चन्हियाखुर्द गांव से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां 32 साल की प्रीति वर्मा की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक उन्होंने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

इस घटना की सबसे भावुक बात यह रही कि प्रीति ने मौत से पहले अपने हाथों और पैरों पर मेहंदी से कुछ बातें लिखी थीं। पुलिस का कहना है कि इन लिखे हुए संदेशों में ससुराल पक्ष से जुड़े विवाद और कथित प्रताड़ना का जिक्र है। इन्हें जांच में अहम सबूत के तौर पर सुरक्षित रखा जा रहा है।

कोतवाली थाना प्रभारी आशीष धुर्वे के अनुसार, जब महिला का शव परीक्षण किया गया तो उसके शरीर पर मेहंदी से लिखे कई संदेश दिखाई दिए। अब इन संदेशों की फोटो और वीडियोग्राफी कराई जा रही है, ताकि जांच के दौरान इन्हें तकनीकी साक्ष्य के रूप में इस्तेमाल किया जा सके। मामले की जांच आगे चौरई थाना पुलिस करेगी।

वहीं, मृतका के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रीति की मां राजकुमारी जंघेला का कहना है कि उनकी बेटी के साथ काफी समय से मारपीट की जा रही थी। उनका आरोप है कि होश आने पर प्रीति ने बताया था कि उसके साथ ईंट, पत्थर और लोहे की रॉड से हमला किया गया था, जिसके निशान उसकी पीठ पर थे। इसके बाद उसे जबरन कीटनाशक पिला दिया गया।

मृतका के भाई हरिओम जंघेला का भी कहना है कि उनकी बहन ने अपने शरीर पर मेहंदी से जो बातें लिखीं, वे उसी पर हो रहे कथित अत्याचार और अपनी पीड़ा को दुनिया तक पहुंचाने की आखिरी कोशिश थीं।

पुलिस के मुताबिक, प्रीति की शादी करीब 13 साल पहले हुई थी और उसकी 10 साल की एक बेटी भी है। घटना के बाद उसकी हालत बेहद नाजुक थी, इसलिए उसके मरणासन्न बयान दर्ज नहीं किए जा सके।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उधर, परिजन आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं।

Exit mobile version