Cheating of Rs 31.36 lakh in the name of share trading: रीवा जिले में ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी का मामला सामने आया है। चोरहटा थाना पुलिस ने संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह ने शिकायतकर्ता से 31 लाख 36 हजार 478 रुपये की धोखाधड़ी की, लेकिन न तो मुनाफा दिया और न ही रकम लौटाई। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।पुलिस के अनुसार, 23 फरवरी 2026 को ग्राम बहुरीबांध निवासी कौशल प्रसाद तिवारी (49) ने चोरहटा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
आरोपियों ने फर्जी कंपनी “WYDENALGO TRADE” के नाम पर निवेश का लालच देकर विभिन्न बैंक खातों और नकद के जरिए पूरी राशि हड़प ली। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर साइबर सेल और थाना टीम ने संयुक्त छापेमारी की, जिसमें रीवा और इंदौर में दबिश देकर 24 घंटे के अंदर 9 आरोपियों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार मुख्य आरोपी गुजरात के महेसाणा जिले के अशोक भाई पटेल, निकुंज भाई ओझा, प्रवीण भाई पटेल सहित अन्य मध्य प्रदेश और गुजरात के निवासी हैं। यह इंटरस्टेट गिरोह ऑनलाइन ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा देकर लोगों को ठगता था।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से टाटा नेक्सॉन कार, टीवीएस जुपिटर स्कूटी, 51 हजार 300 रुपये नकद, 14 मोबाइल फोन और 3 नोट गिनने की मशीनें जब्त कीं।
पुलिस ने जांच में अन्य संदिग्धों की तलाश जारी रखी है और आम जनता से अपील की है कि शेयर ट्रेडिंग या निवेश से पहले प्लेटफॉर्म की वैधता, SEBI रजिस्ट्रेशन और कंपनी की विश्वसनीयता की अच्छी तरह जांच कर लें। इस तरह की ठगी के मामलों में सतर्कता बरतना जरूरी है, ताकि मेहनत की कमाई सुरक्षित रहे।
