Chaos during Holi party at Hotel Landmark in Rewa: रीवा शहर के प्रतिष्ठित होटल लैंडमार्क रतहरा में होली के दिन आयोजित भव्य पार्टी में दोपहर के समय जमकर हंगामा मचा, जिसमें बिल भुगतान को लेकर होटल मैनेजमेंट और पार्टी करने वालों के बीच मारपीट हो गई।
कटनी निवासी मोहनलाल बालानी ने आरोप लगाया कि उनकी ससुराल रीवा में होने के कारण उनके साले द्वारा आयोजित इस पार्टी में पूरा परिवार शामिल था, लेकिन होटल प्रबंधन ने शराब के नशे में उनके परिजनों महिलाओं और नाबालिग बच्चियों के साथ मारपीट की तथा तीन मोबाइल फोन और सोने की चेन छीन ली।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने समान थाना पहुंचकर शिकायत की कि उन्हें बंधक बनाकर पीटा जा रहा है। सूचना पर पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा, जहां कुछ लोगों को आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने ले जाया गया।
होटल मैनेजमेंट का पक्ष अलग है; उन्होंने बताया कि पार्टी में 400 लोगों के लिए ढाई लाख रुपये की बुकिंग हुई थी, लेकिन बिल चुकाने के समय पूरा भुगतान नहीं किया गया और पार्टी करने वाले मारपीट पर उतर आए। मैनेजर ने दावा किया कि झगड़ा दोनों पक्षों से हुआ। वहीं सूत्रों के अनुसार, मैनेजर ने अपनी पार्टी में एक दर्जन लोगों को अतिरिक्त भोजन कराया था, जिससे बिल में कटौती का विवाद शुरू हुआ और नशे में उन्होंने मारपीट की शुरुआत की।
इस घटना ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं कि होली के दिन मध्य प्रदेश में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध के बावजूद पार्टी में शराब का सेवन कैसे हुआ और अनुमति किसने दी। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं तथा होटल के सीसीटीवी फुटेज, जप्त मोबाइल फोन में बनी वीडियो की जांच शुरू कर दी है ताकि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।
