Site icon SHABD SANCHI

CG Anti-Conversion Law : धर्मांतरण को लेकर नया कानून बनाने जा रही साय सरकार, जानिए क्या बोले लोग 

CG Anti-Conversion Law : छत्तीसगढ़ में बीते कई महीनों से अलग-अलग जिलों में धर्मांतरण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। विशेषकर आदिवासी और दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में जबरन, दबाव या प्रलोभन देकर धर्मांतरण के आरोपों ने राजनीतिक माहौल को भी गरम कर दिया है। इस पृष्ठभूमि में अब साय सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है।

छत्तीसगढ़ में लागू होगा नया धर्मांतरण कानून

धर्मांतरण के मामले में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा है कि दिसंबर में होने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र में सरकार नया धर्मांतरण कानून लाएगी। सरकार का मानना है कि मौजूदा कानून में कई कमियां हैं, जिनके कारण अवैध धर्मांतरण के मामलों में कार्रवाई करना मुश्किल हो रहा है। नए नियमों में पुलिस को अधिक अधिकार देने की तैयारी है, ताकि जबरन और धोखे से धर्मांतरण के मामलों पर सख्ती से कार्रवाई की जा सके। सरकार का दावा है कि इन प्रावधानों से सामाजिक तनाव कम होगा और आदिवासी समुदायों की सांस्कृतिक सुरक्षा मजबूत होगी।

सहायता के नाम पर धर्म बदलने पर मजबूर लोग 

पिछले कुछ सालों में सरगुजा, बस्तर, कोंडागांव और कांकेर जैसे जिलों में धर्मांतरण को लेकर कई शिकायतें आई हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि उन्हें नौकरी, इलाज या आर्थिक सहायता के नाम पर धर्म बदलने के लिए मजबूर किया गया। वहीं विपक्ष इन मामलों को बढ़ा-चढ़ा कर पेश करने का आरोप लगाता रहा है। सरकार का कहना है कि इन घटनाओं को देखते हुए सख्त कानून जरूरी हो गया है ताकि ऐसे मामलों पर तुरंत रोक लगाई जा सके।

विजय शर्मा ने नक्सली हिडमा की मौत का जिक्र किया 

मीडिया से बात करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नक्सली कमांडर हिडमा की मौत पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के बयान का कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जो लोग सवाल उठा रहे हैं, वे ताड़मेटला के शहीद जवानों पर क्यों नहीं बोलते? बस्तर में आठ महीने के बच्चे की हत्या पर क्यों नहीं बोलते? झीरम में हमारे शीर्ष नेतृत्व की हत्या हुई, उस पर ये लोग कहां थे? ऐसे बयान देने वालों को शर्म आनी चाहिए और नक्सल प्रभावित परिवारों से माफी मांगनी चाहिए।

उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस महीने छत्तीसगढ़ आने को राज्य के लिए सौभाग्य बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से स्पष्ट दिशा और सहयोग मिल रहा है। राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति के हाल ही में दौरे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इससे प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होती है और छत्तीसगढ़ की राष्ट्रीय पहचान बढ़ती है।

यह भी पढ़े : Bihar Politics : बिना चुनाव लड़े मंत्री बने दीपक प्रकाश, बोले- पिता जी से पूछिए, क्यों बनाया मिनिस्टर

Exit mobile version