Site iconSite icon SHABD SANCHI

रीवा में पेड़ से टकराकर पलटा सीमेंट का बल्कर, केबिन में फंसे ड्राइवर की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत

Cement bulker overturned after hitting a tree in RewaCement bulker overturned after hitting a tree in Rewa

Cement bulker overturned after hitting a tree in Rewa

रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। रीवा-सीधी मार्ग पर शुक्रवार देर रात सीमेंट से लदा एक तेज रफ्तार बल्कर अनियंत्रित होकर आम के पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी पलट गई और पलटते ही उसमें भीषण आग लग गई। हादसे के वक्त ड्राइवर गाड़ी के केबिन में ही फंस गया और उसे बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला, जिससे वह जिंदा जल गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

झपकी आने से बिगड़ा संतुलन, देखते ही देखते मलबे में तब्दील हुआ बल्कर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बल्कर (क्रमांक MP19 HA 6094) बरिगवां से सीमेंट लादकर सतना स्थित बिरला प्लांट की ओर जा रहा था। शुक्रवार रात करीब 2 बजे गुढ़ थाना क्षेत्र के गहरी पकरा गांव के पास अचानक ड्राइवर का गाड़ी पर से नियंत्रण छूट गया। पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर आशंका जताई है कि देर रात होने के कारण ड्राइवर को झपकी आ गई होगी, जिसके चलते यह भयावह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बल्कर के पलटते ही आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।

मृतक की हुई पहचान, हादसे के बाद रीवा-सीधी रोड पर लगा जाम
राहगीरों की सूचना पर डायल 112 और गुढ़ थाने के एएसआई सुरेश साकेत पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शव को वाहन से बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। मृतक ड्राइवर की पहचान सीधी जिले के सतोहरी धनहा गांव निवासी 36 वर्षीय ब्रिजेश गौतम के रूप में हुई है। इस दर्दनाक हादसे के बाद रीवा-सीधी रोड पर कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सुचारू कराया।

Exit mobile version