Site iconSite icon SHABD SANCHI

सीधी की छुहिया घाटी में फिल्मी अंदाज में गांजा तस्कर फरार: ओडिशा पुलिस टीम पर हमला कर फायरिंग, मिर्च पाउडर झोंका

Cannabis smuggler escapes in a filmy style in Sidhi's Chhuhiya Valley.Cannabis smuggler escapes in a filmy style in Sidhi's Chhuhiya Valley.

Cannabis smuggler escapes in a filmy style in Sidhi's Chhuhiya Valley.

सीधी/रीवा: रीवा और सीधी जिले की सीमा पर स्थित छुहिया घाटी में मंगलवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में ओडिशा पुलिस की टीम पर हमला कर दिया। बदमाशों ने एनडीपीएस (NDPS) मामले के एक कुख्यात आरोपी को पुलिस हिरासत से छुड़ा लिया। करीब चार गाड़ियों में सवार होकर आए बदमाशों ने पुलिस वाहन को चारों तरफ से घेरकर ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग की और बेसबॉल बैट से हमला किया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर और तीखा स्प्रे झोंक दिया, जिससे पुलिस वाहन का कांच टूट गया और गाड़ी के एक टायर में गोली भी लग गई। हालांकि, गनीमत यह रही कि इस हमले में किसी भी पुलिसकर्मी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

पेशी पर ले जाते समय घात लगाकर किया हमला
ओडिशा पुलिस की टीम एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार 5 हजार रुपये के इनामी गांजा तस्कर आदित्य मिश्रा को कुल 8 पुलिसकर्मियों के सुरक्षा घेरे में ओडिशा से रीवा जिला न्यायालय पेशी के लिए ला रही थी। मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे जब यह काफिला रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली छुहिया घाटी से गुजर रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। बदमाश आरोपी आदित्य मिश्रा को अपने साथ छुड़ाकर मैहर की तरफ फरार हो गए।

हनुमाना का रहने वाला है शातिर तस्कर
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, फरार हुआ इनामी गांजा तस्कर आदित्य मिश्रा मूल रूप से हनुमाना का रहने वाला है और उसके खिलाफ कई थानों में तस्करी के गंभीर मामले दर्ज हैं। इस सनसनीखेज घटना के सामने आते ही अंतर-राज्यीय पुलिस सुरक्षा व्यवस्था और तस्करों के नेटवर्क पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

तीनों जिलों में कड़ी नाकेबंदी, पुलिस अधिकारी मौके पर
वारदात की सूचना मिलते ही रीवा आईजी, डीआईजी और रीवा-सीधी दोनों जिलों के पुलिस अधीक्षक (एसपी) भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। अपराधियों की धरपकड़ के लिए रीवा, सीधी और शहडोल जिलों की सीमाओं पर कड़ी नाकेबंदी कर दी गई है। इसके साथ ही, आरोपियों की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीमों और साइबर सेल को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है, जो लगातार दबिश दे रही हैं।

Exit mobile version