Brutal attack on cattle in Rewa: रीवा जिले के अतरैला थाना क्षेत्र के कोटवा गांव में गौवंश के साथ क्रूरता की गंभीर घटना सामने आई है। यहां अज्ञात कारणों से धारदार हथियार टांगी से हमला कर छह गायों को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इस मामले में ग्राम भुनगांव निवासी आकाश सिंह बघेल ने अतरैला थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी विजय सिंह परिहार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुज प्रताप सिंह को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने घायल गौवंश का प्राथमिक उपचार किया। बताया जा रहा है कि कई गायों के शरीर पर टांगी से गहरे घाव मिले हैं, जिससे उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। उपचार के बाद सभी घायल गायों को ग्राम पंचायत कोनीकलां स्थित गौशाला में देखभाल और उपचार के लिए भेज दिया गया है।
ग्रामीणों से पूछताछ और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने इस मामले में टेड़ी गांव निवासी रजौली साकेत और कोटवा गांव के गिरधारी कोल को आरोपी बनाते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और मध्य प्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और घटना के पीछे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है और उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
