सिंगरौली। जिले के सरई थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म की खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। पीड़िता की मां की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
अस्पताल के बाहर से उठाकर नदी किनारे ले गए आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 7 बजे पीड़ित मासूम स्थानीय अस्पताल के सामने अकेली बैठी हुई थी। उसी दौरान रेलवे कंपनी में कार्यरत दो युवकों की नज़र उस पर पड़ी और वे उसे जबरन उठाकर अपने साथ ले गए। आरोपी मासूम को पास के ही नदी किनारे ले गए, जहाँ उन्होंने उसे पूरी रात बंधक बनाकर रखा और बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। अगली सुबह आरोपी पीड़िता को वापस अस्पताल के बाहर छोड़कर मौके से फरार हो गए।
मुरैना के रहने वाले हैं दोनों आरोपी, भेजे गए जेल
मासूम के परिजनों की शिकायत पर थाना प्रभारी पमस्कुले सिंह के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबिश दी और दोनों आरोपियों जावेद शाह (38, निवासी जौरा, मुरैना) और सोनू उर्फ शेरा खान (24, निवासी अम्बाह, मुरैना) को गिरफ्तार कर लिया।
सख्त धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संगीन धाराओं के साथ-साथ कड़ी पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और एससी-एसटी (SC/ST) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से कोर्ट के आदेश पर उन्हें जेल भेज दिया गया है।

