रीवा: मध्यप्रदेश के रीवा शहर के बिछिया थाना अंतर्गत चिरहुला मंदिर के पीछे कहारन बस्ती में आज सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक पति-पत्नी के विवाद में अपनी बहन की रक्षा करने पहुंचे भाई पर उसके जीजा ने टांगी (कुल्हाड़ी) से जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में पीड़ित आशीष सोंधिया गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बिछिया थाना पुलिस लहूलुहान और अचेत हालत में तुरंत संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल लेकर पहुंची। डॉक्टरों के मुताबिक, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गहरे जख्म होने के कारण पीड़ित की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और वह फिलहाल अस्पताल के आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
मौसी के कहने पर गई थी मिलने, विवाद बढ़ते ही जीजा ने चला दी टांगी
पीड़िता काजल सोंधिया ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई और बताया कि उसका पति आए दिन उसके साथ बेरहमी से मारपीट करता था, जिससे तंग आकर वह काफी समय से उससे अलग रह रही थी और कोर्ट के जरिए तलाक लेने की कानूनी प्रक्रिया में थी। आज सुबह काजल अपनी मौसी के समझाने और कहने पर अपने भाई आशीष को साथ लेकर पति से बातचीत करने पहुंची थी। लेकिन वहां बातचीत सुधरने की बजाय दोनों के बीच विवाद और बढ़ गया और आरोपी पति ने एक बार फिर काजल पर हाथ उठा दिया। अपनी बहन को पिटता देख जब भाई आशीष बीच-बचाव करने आगे आया, तो आगबबूला हुए आरोपी ने घर में रखी धारदार टांगी उठा ली और आशीष पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह मौके पर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़ा।
पीड़िता ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप, कहा- समय पर सुनवाई होती तो बच जाता भाई
इस खौफनाक वारदात के बाद डरी-सहमी पीड़िता काजल सोंधिया ने बिछिया थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। काजल का कहना है कि वह बीते 20 मई से लगातार थाने के चक्कर काट रही थी और पुलिस को लिखित शिकायत दे रही थी कि उसका पति उसे जान से मारने की धमकियां दे रहा है और कभी भी बड़ी वारदात कर सकता है। पीड़िता ने रोष जताते हुए कहा कि पुलिस ने उसकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया और कोई ठोस एक्शन नहीं लिया; अगर समय रहते पुलिस आरोपी पति पर कार्रवाई कर देती, तो आज उसके भाई की यह हालत कभी नहीं होती। फिलहाल पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।

