रीवा। जिले के अतरैला थाना क्षेत्र अंतर्गत टमस नदी के पाठक पुल पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक अधेड़ व्यक्ति नदी के नीचे लोहे के सरियों के बीच बुरी तरह फंस गया। अतरैला थाने के इटमा गांव निवासी 45 वर्षीय रामउजागर प्रजापति के पैर में पुल के नीचे लगी एक लोहे की छड़ आर-पार घुस गई थी, जिसके कारण वह दर्द से चिल्लाता हुआ नदी के किनारे असहाय स्थिति में तड़प रहा था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कंट्रोल रूम की सूचना पर उपनिरीक्षक विकास कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में SDRF की पांच सदस्यीय रेस्क्यू टीम तुरंत मौके के लिए रवाना की गई।
हालांकि, जब तक SDRF की टीम घटना स्थल पर पहुंचती, उससे पहले ही स्थानीय ग्रामीणों ने अदम्य साहस और मानवता का परिचय देते हुए खुद मोर्चा संभाल लिया। ग्रामीणों ने बेहद सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए उफनती नदी के खतरनाक मलबे के बीच से अधेड़ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों की इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया और घायल रामउजागर को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया। ग्रामीणों द्वारा पहले ही सफल रेस्क्यू कर लिए जाने के कारण मौके पर पहुंची SDRF की टीम को वापस लौटना पड़ा, वहीं क्षेत्र में ग्रामीणों के इस साहसिक कार्य की जमकर सराहना हो रही है।

