Body of student who drowned in canal in Rewa recovered from Silpara siphon after 5 days: रीवा जिले के बिछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सिलपरा नहर में डूबने से 16 वर्षीय छात्र श्रेयश कुशवाहा की दुखद मौत हो गई। पिछले 5 दिनों से चल रहे तलाश अभियान के बाद बुधवार सुबह करीब 10 बजे उसका शव सिलपरा सायफन की क्रेन में फंसा मिला। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम ने शव को सुरक्षित बाहर निकाला और अग्रिम कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
मृतक श्रेयश कुशवाहा, पिता राकेश कुशवाहा, निवासी बजरंग नगर, रीवा, कक्षा 10वीं का छात्र था। परिवार के अनुसार, वह 30 जनवरी को सुबह स्कूल जाने के बहाने घर से निकला था। उसके साथ दो अन्य दोस्त भी थे। तीनों स्कूल की बजाय नहर किनारे घूमने चले गए। नहर के किनारे बैठे हुए थे, तभी श्रेयश का चश्मा पानी में गिर गया। चश्मा निकालने के प्रयास में उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा।
साथी छात्रों ने तुरंत बचाव की कोशिश की। एक दोस्त पानी में कूदकर श्रेयश को किनारे तक लाया, लेकिन नहर के दोनों ओर फिसलन होने के कारण उसे बाहर नहीं निकाल पाए। कुछ ही पलों में श्रेयश गहरे पानी में बह गया और डूब गया। दोनों साथी छात्र तुरंत बिछिया थाने पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बिछिया थाना पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया, जो लगातार 5 दिनों तक चला। अंततः शव क्रेन में फंसा मिला, जिसे निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।इस घटना ने स्थानीय इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है। नहर किनारे फिसलन भरे इलाकों में बच्चों के खेलने पर अभिभावकों ने चिंता जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

