मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बाणसागर डैम के मार्कण्डेय आश्रम घाट पर शनिवार को नदी में डूबे 15 वर्षीय किशोर वेदरूप गुप्ता का शव रविवार सुबह गहरे पानी से बरामद कर लिया गया। लगभग 23 घंटे तक चले इस लंबे सर्च ऑपरेशन के बाद गोताखोरों की टीम को यह सफलता मिली। इस दुखद घटना के बाद से पूरे गुप्ता परिवार और उनके रिश्तेदारों में मातम पसरा हुआ है।
रिश्तेदारी में भंडारे और विसर्जन कार्यक्रम में आया था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से सतना जिले के चोरहटा के रहने वाले गुप्ता परिवार के लोग मैहर के रामनगर में अपनी एक रिश्तेदारी में आयोजित भंडारा और विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। शनिवार सुबह करीब 10 बजे कार्यक्रम संपन्न होने के बाद, परिवार के सभी लोग मार्कण्डेय घाट पर विसर्जन और स्नान के लिए नदी में उतरे थे। इसी दौरान 15 वर्षीय वेदरूप गुप्ता, अपनी मां और चाची के साथ नहाते समय अचानक गहरे पानी की चपेट में आ गया।
मां और चाची सुरक्षित बचीं, तेज बहाव में बह गया वेदरूप
तीनों को पानी में डूबता देख घाट पर मौजूद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने तुरंत तत्परता दिखाई। लोगों ने सूझबूझ से काम लेते हुए वेदरूप की मां और चाची को तो समय रहते सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया, लेकिन तेज बहाव और गहरे पानी के कारण वेदरूप का संतुलन बिगड़ गया और वह देखते ही देखते आंखों के सामने बह गया। घटना की सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और शनिवार सुबह से ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।
बेबस पिता का कपड़े फाड़कर रोते हुए वीडियो वायरल
शनिवार देर शाम तक कड़ी मशक्कत के बाद भी जब वेदरूप का कोई सुराग नहीं मिला, तो अंधेरा होने के कारण प्रशासन को बचाव अभियान रोकना पड़ा। इस बीच घटनास्थल से वेदरूप के बेबस पिता का एक बेहद भावुक और विचलित करने वाला वीडियो भी सामने आया। वीडियो में वे गहरे सदमे और गुस्से में अपने कपड़े फाड़कर रोते हुए प्रशासन की सुस्ती पर सवाल उठा रहे थे। उन्होंने रोते हुए कहा, “सुबह 10 बजे से शाम के 6 बज गए हैं, लेकिन अभी तक हमारा बच्चा नहीं मिला।”
23 घंटे बाद घटनास्थल से 30 फीट दूर मिला शव
प्रशासन और गोताखोरों की टीम ने आज रविवार सुबह 6 बजे एक बार फिर मार्कण्डेय घाट पर दोबारा सर्च ऑपरेशन लॉन्च किया। लगभग साढ़े तीन घंटे की भारी मशक्कत के बाद सुबह करीब 9:30 बजे घटनास्थल से महज 30 फीट दूर नदी के गहरे पानी से वेदरूप का शव बरामद कर लिया गया। शव को बाहर निकालते ही घाट पर मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। फिलहाल, रामनगर थाना पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

