जबलपुर। जबलपुर में हुए नाव हादसे का नया वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में बदइंतजामी और मौत का खौफनाक मंजर दिख रहा है। नाव में पानी भरता जा रहा है, लोग लाइफजैकेट के लिए परेशान हैं और चीख पुकार मच गई है। घटना के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पूरे मध्य प्रदेश में क्रूज, मोटरबोट और वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों पर तत्काल रोक लगा दी है। राज्यभर में सेफ्टी ऑडिट अनिवार्य किया गया है। क्रूज पायलट महेश पटेल, हेल्पर छोटेलाल गोंड और टिकट प्रभारी बृजेंद्र को सेवा से हटा दिया गया है। वहीं, संबंधित प्रबंधकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। सरकार ने उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की है, जो इस हादसे के कारणों, सुरक्षा चूक और जिम्मेदारियों की जांच करेगी।
सेना ने तैयार किया रास्ता
बरगी बांध में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे के बाद भारतीय सेना ने साहस और तकनीक का अद्भुत उदाहरण पेश किया। सीमित संसाधनों और दुर्गम हालात के बीच सेना के जवानों ने रातों-रात रेस्क्यू ऑपरेशन को गति दी। चट्टानों और ऊबड़-खाबड़ रास्तों के बीच भारी मशीनों को पहुंचाने के लिए 500 मीटर लंबा कच्चा रास्ता तैयार किया गया। इस कार्रवाई ने असंभव लग रहे बचाव कार्य को संभव बना दिया।
मछुआरों, किसानों और आसपास के लोगों असली नायक
घटना के तुरंत बाद स्थानीय मछुआरों, किसानों और आसपास के लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर 15 से अधिक लोगों को बचाया। बाद में NDRF और अन्य टीमें मौके पर पहुंचीं।
मरीना मैसी की भावुक कर देने वाली कहानी
इस हादसे की सबसे मार्मिक घटना दिल्ली से आए परिवार की है। मरीना मैसी ने अपने चार वर्षीय बेटे त्रिशान को अपने ही लाइफ जैकेट में बांध लिया और अंतिम क्षण तक उसे सीने से लगाए रखा। जब उनके शव बरामद किए गए, तब भी मां और बेटा एक-दूसरे से लिपटे हुए थे।

