रीवा। शहर के व्यस्ततम इलाके में स्थित गायत्री हॉल के सामने बुधवार देर रात शादी की खुशियां उस वक्त हंगामे में बदल गईं, जब दो गुटों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। विवाद की स्थिति इतनी भयावह थी कि दोनों पक्षों के लोग बीच सड़क पर आ गए और एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने लगे। हैरानी की बात यह रही कि यह पूरा घटनाक्रम सिविल लाइन थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर होता रहा और काफी देर तक सड़क पर अफरा-तफरी मची रही।
मिली जानकारी के अनुसार, घोघर निवासी संतोष सेन की पुत्री का विवाह समारोह गायत्री हॉल में चल रहा था, जिसमें शामिल होने के लिए मनगवां से बारात आई थी। कार्यक्रम के दौरान ही किसी मामूली बात को लेकर कुछ युवकों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। बाराती और घराती पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए, जिससे शादी के माहौल में तनाव पैदा हो गया।
सड़क पर मची इस मारपीट के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और वहां से गुजर रहे राहगीर डर के मारे इधर-उधर भागने लगे। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक खुलेआम मारपीट करते नजर आ रहे हैं। शोर-शराबा और हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया।
फिलहाल, पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया है और मारपीट के वायरल वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और शिकायत के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। थाने के इतने करीब हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और उपद्रवियों के बुलंद हौसलों पर भी सवालिया निशान लगा दिए हैं।

