BJP’s nationwide protest against Congress’ ‘AI conference’ demonstration: रीवा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) सम्मेलन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए कथित प्रदर्शन को लेकर पूरे देश में विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं। इसी क्रम में शनिवार को रीवा के सिरमौर चौराहे पर स्थित कांग्रेस कार्यालय के सामने सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की तस्वीर पर जूते बरसाए और फिर उनका प्रतीकात्मक पुतला दहन कर जोरदार नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि एआई सम्मेलन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया प्रदर्शन पार्टी की देश-विरोधी सोच को उजागर करता है। भाजपा नेताओं ने कहा, “यह घटना राष्ट्रहित के खिलाफ है और कांग्रेस की नीतियों का असली चेहरा सामने लाती है।” कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारे लगाए और कांग्रेस की कड़ी आलोचना की।पुलिस की भारी मौजूदगी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए इस प्रदर्शन में कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। हालांकि, स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने इसे राजनीतिक द्वेष और बदले की भावना से प्रेरित बताया है।
वहीं, यूथ कांग्रेस ने जवाबी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए भाजपा कार्यालय का घेराव करने की धमकी दी है।यह विरोध-प्रदर्शन देश के कई अन्य शहरों में भी देखने को मिल रहा है, जहां भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस के कथित एआई सम्मेलन विरोध को लेकर सड़कों पर उतरे हैं। दोनों पार्टियों के बीच राजनीतिक तनाव बढ़ता दिख रहा है, जबकि पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है।

