रीवा। ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय महाप्रशिक्षण अभियान 2026’ के अंतर्गत जिला रीवा के दो दिवसीय महाप्रशिक्षण वर्ग का शनिवार को भव्य और गरिमामय शुभारंभ हुआ। होटल समदड़िया गोल्ड में आयोजित इस दो दिवसीय जिला कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर के उद्घाटन सत्र की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम गायन के साथ की गई। इस महाप्रशिक्षण वर्ग में रीवा संभाग के वरिष्ठ पदाधिकारियों सहित जिले भर से आए कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक विषयों और पार्टी की मूल विचारधारा से अवगत कराया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों पर डाला प्रकाश
कार्यक्रम के प्रथम सत्र को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश शासन के माननीय उपमुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, ऐतिहासिक विकास कार्यों और सरकार की उपलब्धियों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। इस अवसर पर उन्होंने रीवा संभाग से पधारे सभी आदरणीय वक्ताओं, संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों और जिले के समस्त कार्यकर्ताओं का आत्मीय स्वागत व अभिनंदन किया। उपमुख्यमंत्री ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि यह महाप्रशिक्षण अभियान संगठन की मूल विचारधारा, कार्यपद्धति तथा जनसेवा के संकल्प को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त व प्रभावी बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।
सादगी की मिसाल: गाड़ियों का काफिला छोड़ पैदल ही कार्यक्रम स्थल पहुंचे सांसद
इस प्रशिक्षण वर्ग के दौरान उस समय एक बेहद दिलचस्प और प्रेरक नजारा देखने को मिला, जब अपने अनोखे अंदाज को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा सादगी की मिसाल पेश करते हुए पैदल ही कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंच गए। दरअसल, ईरान युद्ध के वैश्विक संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वाहनों और ईंधन की कटौती को लेकर की गई अपील का अनुसरण करते हुए सांसद जनार्दन मिश्रा सिविल लाइन स्थित अपने निजी आवास से होटल समदड़िया गोल्ड के लिए पैदल ही निकल पड़े। इस दौरान उनके साथ भाजपा के पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी भी कदम से कदम मिलाकर पैदल ही प्रशिक्षण स्थल तक पहुंचे, जिसकी क्षेत्र में काफी सराहना हो रही है।

