Site iconSite icon SHABD SANCHI

एमपी में महिला आरक्षण के समर्थन में होगी भाजपा की आक्रोष रैली, विधानसभा में बुलाया जाएगा विशेष सत्र

भोपाल। एमपी बीजेपी की एक बैठक भोपाल पार्टी कार्यालय में आयोजित की गई। जिसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि लोकसभा में मोदी सरकार महिलाओं के अधिकार के लिए बिल लेकर आई थी, लेकिन विपक्ष ने इसका विरोध करके माताओं-बहनों का जो अपमान किया है वह निंदनीय और कष्टकारी है। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा, मंत्री कृष्णा गौर, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी परांजपे, विधायक अर्चना चिटनिस और मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल भी मौजूद रहे।

सोमवार को नारी शक्ति वंदन पदयात्रा

महिला आरक्षण के मुद्दे पर चर्चा करने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार और पार्टी अब जनता के बीच जाएगी। उन्होंने बताया कि सोमवार को नारी शक्ति वंदन पदयात्रा निकाली जाएगी और पूरे प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से आंदोलन होगा। सभी जिलों में प्रदर्शन किए जाएंगे। नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत स्तर पर निंदा प्रस्ताव पारित किए जाएंगे।

विधानसभा में एक दिन का विशेष सत्र

सीएम मोहन यादव ने कहा कि महिला आरक्षण को लेकर विधानसभा का एक दिन का विशेष सत्र बुलाकर इस मुद्दे पर चर्चा की जाएगी और निंदा प्रस्ताव भी लाया जाएगा। सीएम ने आरोप लगाया कि विपक्ष ने महिलाओं के अधिकारों के साथ अन्याय किया है, जिसका पर्दाफाश जनता के बीच किया जाएगा।

Exit mobile version