भोपाल। एमपी की राजधानी भोपाल में कुख्यात बिश्नोई गैंग का सदस्य बता कर व्यापारी से 10 करोड़ के रंगदारी मांगे जाने का मामला प्रकाश में आया है। इससे व्यापारी और पुलिस में खलबली है। जानकारी के तहत व्यापारी को कुख्यात लॉरेंश बिश्नोई गैंग का सदस्य हैरी बाक्सर बनकर दो बार फोन किया गया और रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दी।
बाबा सिद्दीकी के जैसा होगा हाल
जानकारी के तहत कारोबारी ने इतने सारे रुपये देने इंकार किया तो फोन करने वाले धमकी देते हुए कहा कि गैंग के गुर्गे उसे निपटा कर चले जाएंगे। उसका मुंबई के राजनेता बाबा सिद्दीकी के जैसा हाल हो जाएगा। कारोबारी की शिकायत पर कोलार पुलिस ने केस दर्ज किया है।
यह है मामला
पुलिस के अनुसार, पार्वती नगर निवासी 42 वर्षीय गौरव जैन ने शिकायत किया है कि उसे 18 मार्च को एक वीपीएन नंबर से वॉट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को लारेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य ‘हैरी बाक्सर’ बताया और कहा कि वह बड़े सोने के कारोबारी हैं, इसलिए 10 करोड़ रुपये तैयार रखें। साथ ही उसने अपने नाम को गूगल पर सर्च करने तक की धमकी भरे अंदाज में बात कही। शिकायत के आधार पर पुलिस ने फोन नंबर की जांच करने के साथ ही फोन करने वाले की पहचान करने में जुट गई है।
