रीवा: मध्यप्रदेश सरकार की ‘मां तुझे प्रणाम’ योजना और खेल एवं युवा कल्याण विभाग की पहल के तहत, युवाओं को अपनी सांस्कृतिक धरोहरों से जोड़ने के उद्देश्य से भोपाल संभाग के छात्रों का एक दल रीवा पहुंचा है। स्थानीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में इस छात्र दल का जोरदार स्वागत किया गया।
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने दिखाई हरी झंडी
रीवा आगमन पर उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने छात्र दल से सीधा संवाद किया और युवाओं को अपनी जड़ों से जुड़ने तथा सांस्कृतिक मूल्यों को संरक्षित रखने की प्रेरणा दी। इस दौरान नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पांडेय भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। संवाद के पश्चात डिप्टी सीएम ने हरी झंडी दिखाकर दल को रीवा भ्रमण के लिए रवाना किया।
दो दिवसीय टूर में विंध्य की विरासत देखेंगे छात्र
दो दिवसीय इस विशेष टूर के दौरान भोपाल से आया यह छात्र दल रीवा के ऐतिहासिक किले, प्रसिद्ध महामृत्युंजय मंदिर, टाइगर सफारी और जिले के विभिन्न प्रमुख जलप्रपातों व प्राकृतिक पर्यटन केंद्रों का भ्रमण करेगा, जिससे वे विंध्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को करीब से अनुभव कर सकें।

