Site iconSite icon SHABD SANCHI

अंधविश्वास की हद पार! जमीन में गड़े खजाने की लालच में पिता ने बेटी की दी बलि

bhopal newsbhopal news

bhopal news

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां जमीन में दबे खजाने के लालच और अंधविश्वास में एक पिता ने अपनी ही नाबालिग बेटी की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, इस वारदात में उसके दो दोस्त भी शामिल थे। हत्या के बाद तीनों ने मिलकर बच्ची के शव को खेत में दफना दिया ताकि किसी को इस अपराध की भनक न लगे।

बेटी के लापता होने की शिकायत खुद परिवार ने दर्ज कराई

पुलिस के अनुसार, 3 अप्रैल 2026 को बच्ची के लापता होने की शिकायत भोपाल के सूखीसेवनिया थाने में दर्ज हुई थी। इसके बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी रही, लेकिन काफी कोशिशों के बावजूद बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल सका।

खेत में मिला कंकाल तो खुली पूरी कहानी

NBT की रिपोर्ट के मुताबिक करीब एक महीने बाद, 7 मई को बच्ची के घर से लगभग 200 मीटर दूर एक खेत में मानव कंकाल मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने जांच तेज की और तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर बच्ची के पिता तक पहुंच गई। आखिरकार पुलिस ने उसे गंजबासौदा से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में कबूला जुर्म

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि उसे विश्वास था कि जमीन में सोना-चांदी का खजाना दबा है। उसके मुताबिक, किसी तांत्रिक ने कहा था कि खजाना पाने के लिए बेटी की बलि देनी होगी। इसी अंधविश्वास में उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर पहले बच्ची की डंडे से पिटाई की, फिर उसका गला घोंटकर हत्या कर दी।

शव दफनाकर मिटाने की कोशिश की थी पहचान

हत्या के बाद आरोपियों ने बच्ची के शव को पास के खेत में दफना दिया, ताकि किसी को शक न हो और सबूत भी खत्म हो जाएं। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद कर लिया है।

दो आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर

मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उसके खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि इस वारदात में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

Exit mobile version