Bhandara of Aatika Prasad in Jagannath Temple of Rewa on 4th March: रीवा शहर के बिछिया मोहल्ले में स्थित प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर में होली के पावन अवसर पर आटिका प्रसाद की प्राचीन परंपरा इस वर्ष भी बड़े उत्साह के साथ निभाई जाएगी। मंदिर में 2 मार्च की रात्रि को होलिका दहन आयोजित होगा, जिसमें पारंपरिक नाट्य प्रस्तुति भी शामिल रहेगी।
चूंकि 3 मार्च को पूर्ण चंद्र ग्रहण पड़ रहा है, इसलिए मंदिर के कपाट उस दिन बंद रहेंगे और धार्मिक नियमों का पूर्ण पालन किया जाएगा। 4 मार्च को सुबह 11 बजे भगवान जगन्नाथ जी को आटिका प्रसाद के रूप में कढ़ी-भात का भोग लगाया जाएगा, जिसे बाद में भक्तों में वितरित किया जाएगा। श्रद्धालु अपनी श्रद्धा अनुसार खीर, मालपुआ सहित अन्य प्रसाद भी चढ़ा सकते हैं।
यह परंपरा रीवा राजघराने से जुड़ी हुई है और महाराजा भाव सिंह जू देव के समय से चली आ रही है। आटिका महाप्रसाद भंडारे में रीवा के अलावा सतना, सीधी, सिंगरौली और पन्ना जिलों से हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करने पहुंचते हैं। मंदिर समिति ने बताया कि सभी तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। यह मंदिर लगभग 225 वर्ष पुराना है, जिसका निर्माण महाराजा रघुराज सिंह ने शुरू करवाया था और बाद में महाराजा व्यंकट सिंह ने पूर्ण करवाया। यह परंपरा न केवल धार्मिक महत्व की है, बल्कि जगत कल्याण की कामना से भी जुड़ी हुई है।

