रीवा। गर्मी की शुरूआत होते ही मधुमक्खियों के हमले भी शुरू हो गए है। रीवा जिले में ऐसे दो मामले सामने आए है। जंहा जिले के सेमरिया में हवन के दौरान और बदरिया में अंतिम संस्कार के समय मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। जिससे दर्जनों लोग घायल हो गए है।
पीपल के पेड़ के नीचे कर रहे थें हवन
जानकारी के तहत रीवा के सेमरिया क्षेत्र के खड्डा गांव में चैत्र नवरात्रि के पहले दिन पीपल के पेड़ के नीचे श्रद्धालु हवन कर रहे थे, इसी दौरान वहां मधुमक्खियों का झुंड हवन कर रहे लोगो पर टूट पड़ा। मधुमक्खियों के हमले से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागते रहे। इस दौरान मधुमक्खियों ने आधा दर्जन श्रद्धालु को काट खाया। जिसमें से एक व्यक्ति की हालत गंभीर है। घायलों को रीवा एसजीएमएच में भर्ती कराया गया है।
राजकुमार गंभीर रूप से घायल
घायलों में राजकुमार पांडे की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। वहीं इस घटना में 10 वर्षीय बच्ची नव्या सिंह भी घायल हुई है, जो खड्डा गांव की रहने वाली है। फिलहाल सभी घायलों का इलाज संजय गांधी अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है, वहीं श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल बना हुआ है।
धुएं से उमड़ पड़ी मधुमक्खियां
इसी तरह रीवा शहर के बंदरिया घाट पर एक अंतिम संस्कार के दौरान उस समय अफरातफरी मच गई जब मधुमक्खियों के झुंड ने वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। घटना में कई लोग मामूली रूप से घायल हो गए। अंतिम संस्कार में शामिल राजेंद्र निगम ने बताया कि चिता से उठ रहे धुएं के कारण मधुमक्खियां अचानक भड़क गईं और वहां मौजूद लोगों पर टूट पड़ीं, जिससे मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया और स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ गई।
रीवा न्यूज, रीवा में मधुमक्खियों का हमला, रीवा लेटेस्ट न्यूज, रीवा में घटना, रीवा न्यूज, रीवा एसजीएमएच, रीवा प्रशासन

