Auto driver’s body found near Safari Hotel in Rewa: रीवा शहर के सिरमौर चौराहा अस्पताल मार्ग स्थित सफारी होटल के पास बुधवार सुबह करीब 8 बजे एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर अमहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद संजय गांधी चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिया। बाद में मृतक की पहचान बोदाबाग निवासी मनीष रावत के रूप में हुई, जो पेशे से ऑटो चालक थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए और शव की पहचान की।
परिजनों के अनुसार मनीष रावत मंगलवार को अपना ऑटो लेकर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिवार के लोग उन्हें फोन करते रहे, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। बुधवार सुबह उनकी बेटी ने जब दोबारा मोबाइल पर कॉल किया तो फोन एक पुलिसकर्मी ने उठाया और मनीष के शव मिलने की जानकारी दी। यह खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन तुरंत अस्पताल पहुंचे।
पुलिस के अनुसार शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है, इसलिए मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
