रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें खाकी का डर भी नहीं सता रहा है। कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए अपराधियों ने रविवार की देर रात सिविल लाइन थाने के बिल्कुल समीप एक सनसनीखेज लूट की वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित ऑटो चालक रब्बू सोंधिया ने बताया कि कॉलेज चौराहे से तीन युवक निहाल श्रीवास्तव, शुभम पांडे और लाल पटेल उसके ऑटो में सवार हुए थे। जैसे ही ऑटो सिविल लाइन थाने के गेट के पास पहुँचा, तीनों आरोपियों ने अचानक रब्बू पर हमला कर दिया और बर्बरतापूर्वक मारपीट करते हुए उसका मोबाइल फोन और जेब में रखे ₹1500 नकद लूटकर मौके से फरार हो गए।
हैरानी की बात यह है कि जहाँ आम लोग सुरक्षा के लिए थाने की ओर भागते हैं, वहीं बदमाशों ने थाने की नाक के नीचे इस घटना को अंजाम देकर पुलिस की गश्त पर गंभीर सवालिया निशान लगा दिए हैं। पीड़ित का आरोप है कि ये बदमाश उसे काफी समय से रंजिशवश डरा-धमका रहे थे। फिलहाल, पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है, लेकिन थाने के पास हुई इस वारदात ने शहरवासियों के मन में असुरक्षा का भाव पैदा कर दिया है।

