Atique Amad Son Died: कुख्यात माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रयागराज की ओर जाते समय उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि अबान अहमद की मौके पर ही जान चली गई, जबकि कार में सवार अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए।
Atique Amad Son Died: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में गुरुवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में कुख्यात माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान की मौत हो गई। हादसे में उसके दोस्त सोनू ने भी दम तोड़ दिया, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना पूंछ थाना क्षेत्र के ग्राम खिल्ली के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई।
एसएसपी ने की मौत की पुष्टि
झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में अबान और उसके साथी सोनू की मौत हुई है। वहीं घायल तीन अन्य लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार कार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्रयागराज से झांसी आ रही एक तेज रफ्तार क्रेटा कार (Creta SUV) अचानक अनियंत्रित होकर पूंछ थाना क्षेत्र के ग्राम खिल्ली के पास डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस व प्रशासन को सूचना दी।
रेस्क्यू के दौरान हुआ बड़ा खुलासा
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूंछ भेजा। चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल व्यक्तियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मृतकों में एक अबान है, जो अतीक अहमद का सबसे छोटा बेटा बताया जा रहा है। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने पूरे मामले की पुष्टि की।
भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था अबान
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक अबान अपने भाई अली अहमद, जो फिलहाल झांसी जिला जेल में बंद है, उससे मिलने के लिए जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस अब दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और वाहन के नियंत्रण खोने को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।
झांसी से तीसरी बार जुड़ा अतीक परिवार का बड़ा मामला
अतीक अहमद के परिवार का झांसी से यह तीसरा बड़ा चर्चित घटनाक्रम माना जा रहा है। इससे पहले 13 अप्रैल 2023 को उसके बेटे असद अहमद का झांसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र में एसटीएफ द्वारा एनकाउंटर किया गया था। उस कार्रवाई में उसका सहयोगी गुलाम हसन भी मारा गया था। दोनों उमेश पाल हत्याकांड में वांछित थे और उन पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था। इसके बाद अली अहमद को झांसी जिला जेल में रखा गया और अब उसी से मिलने आते समय अबान की सड़क हादसे में मौत की खबर ने एक बार फिर झांसी को सुर्खियों में ला दिया है।

