मध्य प्रदेश के रीवा जिले से ताल्लुक रखने वाले वरिष्ठ रंगकर्मी, नाटककार, निर्देशक और अभिनेता आलोक शुक्ला को उनकी निरंतर रंग सक्रियता के लिए प्रतिष्ठित ‘पंचानन पाठक अवार्ड 2026’ से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार 3 अक्टूबर की शाम नई दिल्ली स्थित श्री राम सेंटर में आयोजित एक भव्य सम्मान समारोह के दौरान प्रसिद्ध रंग निर्देशकों और निर्णायक मंडल के सदस्यों द्वारा प्रदान किया गया। आलोक शुक्ला ने इस सम्मान को अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ-साथ अपने सभी रंग गुरुओं, परिवारजनों और कठिन दौर में उनका साथ देने वाले साथियों को समर्पित किया है।
ज्ञात हो कि जून 2020 में आलोक शुक्ला गंभीर बीमारी जीबीएस (Guillain-Barré Syndrome) पैरालिसिस की चपेट में आ गए थे, जिसके कारण उनके गले के नीचे का पूरा शरीर निष्क्रिय हो गया था। कई वर्षों तक बिस्तर पर रहने के बावजूद उन्होंने लेखन और रंगकर्म से अपना नाता नहीं तोड़ा। बीमारी के बाद उन्होंने अगस्त 2023 में राउरकेला में बतौर प्रशिक्षक और जनवरी 2024 में दिल्ली में अपने नाटक ‘उसके साथ’ के सफल मंचन के जरिए रंगमंच पर शानदार वापसी की। रीवा से वर्ष 1986 में अपने रंगकर्म की शुरुआत करने वाले आलोक शुक्ला ने चार दशक की अपनी इस लंबी रंगयात्रा में करीब 50 नाटकों के 600 से अधिक मंचन किए हैं और उनकी कई पुस्तकें व नाट्य संग्रह भी प्रकाशित हो चुके हैं।

