Site iconSite icon SHABD SANCHI

रीवा में अब संस्कृत के सभी पाठ्यक्रमों पर होगी पढ़ाई, की जाऐगी भर्ती

भोपाल। महर्षि पाणिनि संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय के श्रीरामानुज संस्कृत परिसर, लक्ष्मण बाग, रीवा के सुदृढ़ीकरण एवं संस्थागत विकास संबंधी प्रस्तावों की समीक्षा उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय में किए है। परिसर में आवश्यक शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं गैर-शैक्षणिक पदों के सृजन का प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने तथा समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नए शैक्षणिक सत्र से परिसर में प्रस्तावित सभी पाठ्यक्रमों का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध एवं अकादमिक सुविधाएं

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध एवं अकादमिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक मानव संसाधन समय पर उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के मानकों एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप सभी आवश्यक पदों के सृजन एवं शीघ्र भर्ती की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलगुरु, कुलसचिव एवं विश्वविद्यालय प्रबंधन के साथ बैठक कर इस कार्य को सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

ज्ञान का बनेगा केन्द्र

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि श्रीरामानुज संस्कृत परिसर संस्कृत, वैदिक अध्ययन, भारतीय दर्शन तथा भारतीय ज्ञान परम्परा के अध्ययन, अध्यापन और शोध का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। परिसर में वेद, वेदान्त, व्याकरण, साहित्य, ज्योतिष, योग, धर्मशास्त्र, वास्तुशास्त्र, संगीत, भारतीय ज्ञान परम्परा सहित विभिन्न विषयों के विभागों को सुदृढ़ कर उच्च गुणवत्ता वाला शैक्षणिक वातावरण विकसित किया जाएगा। बैठक में अपर मुख्य सचिव, उच्च शिक्षा श्री अनुपम राजन, आयुक्त उच्च शिक्षा श्री प्रबल सिपाहा उपस्थित थे।

Exit mobile version