Site iconSite icon SHABD SANCHI

मैहर अस्पताल की बदहाली पर बरसे ACS अशोक वर्णवाल, सफाई एजेंसी को तत्काल हटाने के दिए निर्देश

ACS Ashok Varnwal lashed out at the poor condition of Maihar Hospital.ACS Ashok Varnwal lashed out at the poor condition of Maihar Hospital.

ACS Ashok Varnwal lashed out at the poor condition of Maihar Hospital.

मैहर। मध्य प्रदेश के लोक स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) अशोक वर्णवाल ने रविवार को मैहर जिले का तूफानी दौरा किया। इस दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं की जमीनी हकीकत देखकर वे बेहद नाराज नजर आए। सिविल अस्पताल की बदहाली और गंदगी पर कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने सफाई का जिम्मा संभालने वाली ठेका एजेंसी को तत्काल बदलने के आदेश जारी कर दिए हैं।

प्रस्तावित 300 बिस्तरीय अस्पताल का निरीक्षण

एसीएस वर्णवाल के दौरे का मुख्य उद्देश्य मैहर में प्रस्तावित 300 बिस्तरीय आधुनिक अस्पताल के लिए चयनित स्थल का जायजा लेना था। उन्होंने प्रस्तावित जमीन का बारीकी से निरीक्षण किया और उसकी उपयुक्तता को लेकर अधिकारियों से चर्चा की। माना जा रहा है कि इस नए अस्पताल के बनने से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा बदलाव आएगा।

अस्पताल की गंदगी देख भड़के एसीएस

प्रस्तावित स्थल के बाद एसीएस वर्णवाल ने वर्तमान सिविल अस्पताल मैहर का गहन अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में पसरी गंदगी और अव्यवस्थाओं को देख वे बिफर पड़े। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि मरीजों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाली ठेका एजेंसी को तत्काल प्रभाव से हटाने और नई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने भी जताई थी नाराजगी

उल्लेखनीय है कि एसीएस के दौरे से ठीक एक दिन पहले, शनिवार देर शाम कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने भी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था। उन्होंने न केवल सफाई व्यवस्था, बल्कि मरीजों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता पर भी गहरी नाराजगी जाहिर की थी। कलेक्टर ने भी शनिवार को ही संबंधित ठेकेदार को हटाने की बात कही थी, जिस पर अब एसीएस की मुहर लग गई है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी, संयुक्त संचालक स्वास्थ्य अवधिया, CMHO डॉ. मनोज शुक्ला और एसडीएम दिव्या पटेल सहित जिले का प्रशासनिक अमला मौजूद रहा, जिन्हें ACS ने भविष्य में लापरवाही न बरतने की दो टूक चेतावनी दी है।

Exit mobile version