NEET student gang-rape। चित्रकूट के देवांगना घाटी में NEET student gang-rape मामले के मुख्य आरोपी जितेंद्र उर्फ भोला को पुलिस ने Short Encounter के बाद गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो अन्य साथियों विवेक पटेल और प्रवीन पटेल को भी पुलिस ने शिकंजे में ले लिया है। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जनपद में हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है।
पुलिस की जबाबी कार्रवाई में हुआ घायल
जो जानकारी आ रही है उसके तहत मुख्य आरोपी जितेंद्र उर्फ भोला को भरतकूप थाना क्षेत्र के मड़फा जंगल के पास पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रोकने का प्रयास किया। आरोपी द्वारा की गई फायरिंग के जवाब में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। इस मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की ओर से हुई फायरिंग में बहिलपुरवा थाने का एक पुलिस सिपाही राघवेंद्र भी घायल हुआ है। पुलिस ने मुख्य आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक ने तीनों फरार आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये (कुल 1.50 लाख रुपये) का इनाम घोषित किया था।
इनकी हुई गिरफ्तारी
गैंगेरप के मुख्य आरोपी जितेंद्र के एनकाउंटर में पकड़े जाने के बाद, चित्रकूट पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए फरार चल रहे उसके दोनों अन्य साथियों विवेक पटेल और प्रवीन पटेल को भी गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
क्या था पूरा मामला?
दरअसल मध्य प्रदेश के सतना जिले की रहने वाली और राजस्थान के कोटा में नीट की तैयारी कर रही 20 वर्षीय छात्रा 22 जुलाई को अपने दोस्त के साथ देवांगना घाटी घूमने आई थी। बाइक से आए तीनों आरोपियों ने खुद को वन कर्मी बताकर दोनों को डराया, छात्रा के दोस्त को बेल्ट से पीटकर हाथ-पैर बांध दिए और फिर छात्रा को झाड़ियों में ले जाकर गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया था।
सीसीटीवी से हुई पहचान
वारदात के बाद चित्रकूट पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की और घटना के 96 घंटे के भीतर सभी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी
▪️जितेंद्र उर्फ भोले पटेल पिता देवराज पटेल (मुख्य आरोपी – हाफ एनकाउंटर में गिरफ्तार)
पता- ग्राम कल्ला, चौकी शिवरामपुर, जिला चित्रकूट (उत्तर प्रदेश)
▪️विवेक पटेल पिता नरेश कुमार पटेल
पता- ग्राम रैपुरवा माफी, जिला चित्रकूट (उत्तर प्रदेश)
▪️प्रवीण पटेल पिता शिवमूरत
पता- ग्राम मानपुर, जिला चित्रकूट (उत्तर प्रदेश)

