मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रीवा सर्किट हाउस में जल जीवन मिशन की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि हर घर तक नल से जल पहुंचाने के लक्ष्य को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। बैठक के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि अब ग्राम पंचायतों के माध्यम से एकल नल जल योजनाओं के संचालन और संधारण का कार्य प्रभावी ढंग से कराया जाएगा, ताकि मिशन में आ रही अड़चनें दूर हो सकें।
डिप्टी सीएम ने बताया कि सरपंचों की मरम्मत और भुगतान संबंधी समस्याओं का समाधान कर दिया गया है, जिससे अब वे अपने गांवों में जल आपूर्ति के लिए अधिक सक्षम हो गए हैं। उन्होंने कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश देते हुए कहा कि पीएचई (PHE) और जल निगम की एजेंसियां पंचायतों के साथ मिलकर काम करें और समूह नल जल योजनाओं को शीघ्र पूरा कर हर ग्रामीण क्षेत्र में पानी की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करें।
इस दौरान अधिकारियों और सरपंचों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित करने की बात भी कही गई ताकि शासन के नवीन निर्देशों का कड़ाई से पालन हो सके।

