Abhishek Banerjee Attack : पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद अभिषेक बनर्जी पर भीड़ द्वारा हमला किए जाने के बाद राजनीति गरम हो गई है। यह घटना चुनाव के बाद हुई हिंसा से प्रभावित परिवारों से मिलने के दौरान हुई। इस हमले के बाद पूरे राज्य का माहौल तनावपूर्ण हो गया है और अब टीएमसी और बीजेपी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। वहीं, अभिषेक बनर्जी ने पहली बार सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उनका धन्यवाद किया है और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है।
भाजपा को सपोर्ट करो तो देशभक्त – अभिषेक बनर्जी
पश्चिम बंगाल में टीएमसी सांसद और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के बाद कल्याण बनर्जी पर भी हमला हो गया। जिसके बाद देश में सियासी संग्राम शूरू हो गया। रविवार को ममता बनर्जी ने अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के बाद भाजपा पर सियासी हमला बोला तो कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी इस मामले में बीजेपी को घेरा। राहुल गांधी ने ममता बनर्जी से फोन पर बात की थी। इसके बाद अभिषेक बनर्जी ने अपने ऊपर हुए हमले को लोकतंत्र पर हुआ हमला बताया। अभिषेक बनर्जी ने कहा कि भाजपा को सपोर्ट करो तो देशभक्त और भाजपा का समर्थन नहीं किया तो देशद्रोही हो गए।
सांसद पर हमला लोकतंत्र पर हमला है – राहुल गांधी
राहुल गांधी ने अभिषेक बनर्जी के ऊपर हुए हमले की निंदा करते हुए कहा, “सोनारपुर में सांसद पर हुआ हमला बहुत निंदनीय है। यह सिर्फ एक व्यक्ति पर हमला नहीं है, बल्कि उस जनता पर हमला है जिसने उसे चुना है। यह हमला हमारे लोकतंत्र पर भी हमला है। यह बीजेपी की बदले की राजनीति का नतीजा है। राजनीतिक मतभेद कभी हिंसा का कारण नहीं हो सकते।” उन्होंने केंद्र और पश्चिम बंगाल सरकार से तुरंत कार्रवाई करने की भी मांग की ताकि कोई भी जनप्रतिनिधि अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित न रहे। राहुल गांधी ने अभिषेक बनर्जी की जल्द ठीक होने की भी कामना की है।
अभिषेक बनर्जी ने राहुल गांधी का किया धन्यवाद
राहुल गांधी के समर्थन के बाद, अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उनका धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, “चिंता और समर्थन के लिए राहुल जी, आपका धन्यवाद। हम भारत की आत्मा की रक्षा करने, लोकतांत्रिक संस्थाओं को बचाने और हमारे संविधान में निहित मूल्यों को बनाए रखने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। हम एकजुट हैं और अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।”
अभिषेक बनर्जी ने बताया क्यों हुआ उनपर अटैक
अभिषेक बनर्जी ने अपने भाषण में कहा कि पिछले साल उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के सिलसिले में पांच देशों की यात्रा की थी, जिसमें उन्होंने देश का रक्षा करने और आतंकवाद के खिलाफ खड़ा रहने का संदेश दिया था। लेकिन आज, वे राजनीतिक हिंसा और राज्य प्रायोजित आतंकवाद का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा, “अगर आप समर्थन करते हैं, तो आप देशभक्त हैं। यदि आप उनसे सवाल करते हैं, तो आप टारगेट बन जाते हैं। यदि आप उनके साथ खड़े हैं, तो आपका उत्सव मनाया जाता है। लेकिन यदि आप उनके खिलाफ खड़े होते हैं, तो वे आपको चुप कराने की कोशिश करते हैं। मैं सिद्धांतों को छोड़ने के बजाय लोकतंत्र की रक्षा करना पसंद करूंगा। सत्ता अस्थायी है, लेकिन जनता की इच्छा स्थायी है। मैं जनता के सामने झुकूंगा, सत्ता के सामने नहीं।”
अभिषेक बनर्जी ने कहा कि वे लोकतंत्र को कमजोर करने और देश को बांटने वालों के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। उन्होंने कहा, ‘INDIA’ गठबंधन एकजुट है। हम मिलकर नफ़रत, हिंसा और धमकी की राजनीति को हराएंगे। जनता की आवाज की जीत होगी।”
यह भी पढ़े : Karnataka New Government : सत्ता बदलते ही गांधी परिवार का कर्नाटक मॉडल फेल! अधूरा रह गया कांग्रेस का मिशन

