A young man adamant on marrying his girlfriend climbed a mobile tower: सिंगरौली जिले के देवसर थाना क्षेत्र अंतर्गत धनहा गांव में शुक्रवार को एक दिलचस्प लेकिन जोखिम भरा प्रेम प्रसंग सामने आया। एक युवक ने अपनी प्रेमिका से शादी की मांग पूरी न होने पर मोबाइल टावर पर चढ़कर धरना दे दिया। उसकी जिद है कि जब तक प्रेमिका मौके पर आकर शादी के लिए सहमति नहीं देती, वह नीचे नहीं उतरेगा। इस घटना के बाद टावर के नीचे ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
युवक की पहचान रवि कुशवाहा के रूप में हुई है, जो धनहा गांव निवासी दादू लाल कुशवाहा का पुत्र और गंगा कुशवाहा का पौत्र है। स्थानीय लोगों के अनुसार, रवि का एक युवती से गहरा प्रेम संबंध है। परिजनों द्वारा युवती की शादी कहीं और तय किए जाने की खबर से वह बेहद नाराज था। इसी नाराजगी और निराशा में उसने शुक्रवार सुबह मोबाइल टावर पर चढ़ने का जोखिमभरा कदम उठाया। टावर पर चढ़कर वह लगातार अपनी प्रेमिका को मौके पर बुलाने की मांग कर रहा है और बार-बार कह रहा है कि सहमति मिलने तक वह नीचे नहीं आएगा।
सूचना मिलते ही जियावन पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए प्रयास शुरू किए। नगर पुलिस अधीक्षक पीएस परस्ते ने बताया कि पुलिस लगातार युवक से बातचीत कर रही है और उसे समझाने की कोशिश कर रही है। युवक अपनी प्रेमिका को बुलाने पर अड़ा हुआ है। यदि कोई पुलिसकर्मी ऊपर चढ़ने की कोशिश करता है, तो वह नीचे कूदने की धमकी दे रहा है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।पुलिस प्रशासन युवक की जान बचाने और मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने के लिए हर संभव कोशिश कर रहा है।

