इंदौर। स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार काम कर रहे इंदौर ने एक बार फिर एक उपलब्धी अपने नाम कर लिया है। इंदौर के 5,46,724 नागरिकों ने 6 तरह से पृथक किए गए कचरे के साथ सेग्रीगेशन वाली सेल्फी लेकर विश्व रिकॉर्ड बनाया। दरअसल केन्द्र सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें इंदौर ने जनभागीदारी का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए यहां के नागरिकों ने 6 तरह के कचरों के साथ सेल्फी लिए और उनके इस पहल को लंदन की वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स नेें दर्ज किया है। स्वच्छता के क्षेत्र में शहर के लिए एक बड़ी उपलब्धी है।
ऐसे बनाया विश्व रिकार्ड
नगर-निगम महापौर एवं अधिकारियों के अनुसार सभी 85 वार्डाे में इस अभियान के लिए जनजागरूकता फैलाई गई और लोगो को बताया एवं समझाया गया कि उन्हे क्या करना है। व्यापक स्तर पर जनजागरूकता एवं सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान में सफाई मित्रों, घर-घर कचरा संग्रहण वाहन चालकों एवं हेल्परों, स्वच्छता सहयोगियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों, व्यापारी संगठनों, रहवासी संघों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
ये 6 तरह के कचरें
इंदौर के लोगो ने अपने घर, प्रतिष्ठान एवं संस्थानों में गीले, सूखे, घरेलू खतरनाक, सैनिटरी, ई-वेस्ट तथा अन्य पृथक श्रेणी के कचरे के साथ सेल्फी लेकर स्वच्छता एवं स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण का संदेश दिया। अभियान के दौरान नगर निगम के सभी घर-घर कचरा संग्रहण वाहनों, सार्वजनिक स्थानों एवं निर्धारित सेल्फी प्वाइंट्स पर विशेष गतिविधियों का आयोजन किया गया।
क्या है सेग्रीगेशन वाली सेल्फी
सेग्रीगेशन वाली सेल्फी- कचरे को अलग-अलग (गीला और सूखा) करके कचरा गाड़ी में डालने के दौरान ली जाने वाली सेल्फी है। इसे इंदौर शहर में सफाई अपनाओ-बीमारी भगाओ अभियान के तहत स्वच्छता को बढ़ावा देने और विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए शुरू किया गया था। इंदौर नगर निगम ने नागरिकों से अपील की थी कि वे अपने घर का कचरा अलग करके निगम की गाड़ी को दें। इस दौरान नागरिकों ने अलग किए गए कचरे के साथ अपनी सेल्फी खींचकर अपलोड की।इस अनूठे जन-अभियान के तहत 5 लाख से अधिक सेल्फी का लक्ष्य रखा गया था जिसे जनता ने पूरा किया।

