रीवा। शहर के कॉलेज चौराहा स्थित फ्लाईओवर के नीचे बना स्पीड ब्रेकर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। सोमवार सुबह करीब 6:00 बजे हुए एक हादसे में 27 वर्षीय महिला की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, निपनिया निवासी रेशमा बानो पति इजरान अपनी स्कूटी से जा रही थीं, तभी ओवरब्रिज के ढाल वाले हिस्से में बने स्पीड ब्रेकर पर उनकी गाड़ी अनियंत्रित हो गई। संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर बुरी तरह गिरकर घायल हो गईं। आनन-फानन में उन्हें संजय गांधी चिकित्सालय ले जाया गया, जहाँ उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
बिना संकेतक का ब्रेकर दे रहा मौत को दावत
इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। परिजनों का आरोप है कि ब्रिज के ढाल पर बना यह स्पीड ब्रेकर मौत का जाल बन चुका है। ब्रेकर पर न तो सफेद पट्टियां लगाई गई हैं और न ही कोई चेतावनी बोर्ड या साइन बोर्ड लगाया गया है, जिससे दूर से आने वाले वाहन चालकों को इसकी मौजूदगी का पता नहीं चलता। तेज रफ्तार वाहन जैसे ही ढाल से उतरते हैं, अचानक ब्रेकर सामने आने से अनियंत्रित होकर हादसों का शिकार हो जाते हैं।
प्रशासन की लापरवाही पर उठे सवाल
बता दें कि यातायात की रफ्तार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से बनाए गए ये स्पीड ब्रेकर अब तकनीकी खामियों और उचित रखरखाव के अभाव में खुद ही दुर्घटनाओं का सबब बन गए हैं। पूर्व में भी यहाँ कई वाहन चालक चोटिल हो चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग ने अब तक यहाँ चेतावनी संकेतक लगाने की सुध नहीं ली। फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द यहाँ रेडियम पेंट और साइन बोर्ड लगाए जाएं ताकि भविष्य में किसी और मासूम की जान न जाए।

