Site iconSite icon SHABD SANCHI

सतना में मौत की खदान, नहाने गए 16 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत, प्रशासन के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा

A teenager who went to bathe in a mine in Satna died by drowning.A teenager who went to bathe in a mine in Satna died by drowning.

A teenager who went to bathe in a mine in Satna died by drowning.

सतना: जिले के कोलगवां थाना अंतर्गत बाबूपुर चौकी क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां लालपुर स्थित एक अवैध खदान में नहाने गया 16 वर्षीय किशोर पानी की गहराई में समा गया। इस हादसे में किशोर की दर्दनाक मौत हो गई, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और स्थानीय ग्रामीणों में अवैध खदानों को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

नहाने के दौरान गहरे पानी में उतरा किशोर
मृतक की पहचान साइडिंग निवासी बरकत खान पिता स्व. राजू खान के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बरकत रविवार सुबह करीब 10 बजे अपने दोस्तों के साथ लालपुर स्थित खदान में नहाने के लिए गया था। नहाते समय वह अचानक किनारे से दूर गहरे पानी की ओर चला गया। दोस्तों ने उसे डूबता देख बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई अधिक होने के कारण वे उसे नहीं बचा सके और बरकत आंखों के सामने ही ओझल हो गया।

डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद मिला शव
घटना की चीख-पुकार सुनकर आसपास के स्थानीय युवक मौके पर पहुंचे और तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर लगभग 12:30 बजे बरकत को बाहर निकाला जा सका। परिजन उसे लेकर आनन-फानन में निजी वाहन से अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची बाबूपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है।

अवैध खदानों पर प्रशासन की चुप्पी पर सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर क्षेत्र में संचालित अवैध खदानों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि ये खदानें बिना किसी सुरक्षा मानकों के अवैध रूप से खोदी गई हैं, जो अब मौत का जाल साबित हो रही हैं। लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इन जानलेवा खदानों को तत्काल बंद किया जाए और दोषियों पर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी और मासूम की जान न जाए।


Exit mobile version