रीवा। शहर की सिविल लाइन थाना पुलिस ने नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘प्रहार’ अभियान के तहत एक ऐसी सनसनीखेज कामयाबी हासिल की है, जिसने पुलिस प्रशासन को भी हैरान कर दिया है। पुलिस ने थाने के ठीक पास चाय की दुकान चलाने वाले एक युवक को भारी मात्रा में नशीली कफ सिरप के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान झिरिया मोहल्ला निवासी मोहन जोशी के रूप में हुई है, जिसके पास से 608 शीशी नशीली कफ सिरप बरामद की गई है, जिसकी बाजार में कीमत करीब 1 लाख 22 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस की जासूसी कर फैलाया नेटवर्क
इस पूरे मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि आरोपी का पिता थाने के बिल्कुल बगल में ही चाय की दुकान संचालित करता था। इसी दुकान की आड़ लेकर आरोपी मोहन जोशी न केवल नशे का काला कारोबार चला रहा था, बल्कि पुलिस की हर हरकत और गश्त पर भी पैनी नजर रखता था। वह पुलिस की गतिविधियों को भांपकर सुरक्षित तरीके से नशीली खेप की सप्लाई करता था।
महिला मित्र की मदद से सप्लाई
थाना प्रभारी विजय सिंह बघेल के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में बड़ा खुलासा हुआ है कि मोहन इस अवैध धंधे में अपनी एक महिला मित्र का भी सहयोग लेता था। नशे की खेप को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने में महिला मित्र एक ‘कवर’ के रूप में काम करती थी ताकि किसी को शक न हो।

