कुशीनगर। मेले के मस्ती में झूल रहे लोगो के बीच उस समय चीख पुकार मच गई, जब झूला अचानक 3-4 बार चरमारने के बाद उसकी ट्राली टूटकर जमीन पर गिर गई. इस हादसे में महिलाओं-बच्चों समेत कई लोग घायल हो गए हैं। हादसे की यह घटना कुशीनगर जिले के खड्डा क्षेत्र में बुधवार रात भैसहा मेले की है। घायलों को ईलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ऐसे हुआ हादसा
बताया जाता है कि भैसहा मेले में बुधवार की देर रात बड़ी संख्या में लोग झूला झूल रहे थे. इस बीच झूला चरमराने की आवाज आई, इसके बाद भी झूला चला रहे लोगो ने इसे नजरअंदाज कर दिया. कुछ ही देर बाद झूला अचानक टूट गया, जिससे उसमें बैठे लोग नीचे गिर पड़े और चीख-पुकार मच गई।
हर साल लगता है भैसहा का मेला
बताया जाता है कि कुशीनगर के नारायणी नदी के तट पर स्थित भैसहां गांव में प्राचीन दुर्गा मंदिर स्थित है। यहां हर साल मेले का आयोजन किया जाता है। इसमें पूर्वांचल के साथ-साथ बिहार और नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. मेला 30 तारीख से शुरू हुआ था और गुरुवार को स्नान के साथ समाप्त होना था. लेकिन इससे पहले ही मेले में हादसा हो जाने से मेले का उत्साह गम में बदल गया।

