Site iconSite icon SHABD SANCHI

सिंगरौली: पड़ोसी ने घर में घुसकर पति-पत्नी और मां पर किया चाकू से हमला, वारदात के बाद आरोपी फरार

A neighbor entered the house and attacked the husband, wife, and mother with a knifeA neighbor entered the house and attacked the husband, wife, and mother with a knife

A neighbor entered the house and attacked the husband, wife, and mother with a knife

सिंगरौली जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र के हिरवाह गांव में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक पड़ोसी युवक ने घर में घुसकर एक ही परिवार के तीन सदस्यों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में पति, उसकी पत्नी और वृद्ध मां गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद मौके पर पहुँचे ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव कर परिवार की जान बचाई। सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर बैढ़न में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है।

पत्नी के बारे में पूछताछ का विरोध करने पर भड़का आरोपी

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, हिरवाह निवासी राम अधीन साकेत (25) अपनी पत्नी कुशलता साकेत और मां मानमती साकेत के साथ घर पर मौजूद था। इसी दौरान गांव का ही राहुल साकेत उनके घर पहुँचा और राम अधीन की पत्नी के बारे में पूछताछ करने लगा। जब राम अधीन ने बेवजह अपनी पत्नी के बारे में पूछने का विरोध किया, तो आरोपी राहुल गाली-गलौज पर उतारू हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अचानक चाकू निकाला और राम अधीन के कंधे पर वार कर दिया।

बीच-बचाव करने आईं महिलाओं को भी किया जख्मी

पति को लहूलुहान देख जब पत्नी कुशलता साकेत उसे बचाने दौड़ी, तो आरोपी ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर बीच-बचाव करने आईं बुजुर्ग मां मानमती साकेत को भी आरोपी ने नहीं बख्शा और उनके हाथ पर चाकू मारकर उन्हें घायल कर दिया। शोर शराबा सुनकर गाँव के रामलखन और मुकेश साकेत मौके पर पहुँचे और हमलावर को पकड़ा। ग्रामीणों को आता देख आरोपी राहुल साकेत दोबारा सामने आने पर जान से मारने की धमकी देता हुआ मौके से फरार हो गया।

बैढ़न थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं, उसे जल्द ही गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version