Shahdol news : चलती अर्टिगा कार में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचा भाजपा नेता का परिवार

A moving car caught fire in Shahdol

A moving car caught fire in Shahdol: शहडोल में रविवार रात करीब 11 बजे शहर के चौपाटी क्षेत्र में सरावगी पेट्रोल पंप के सामने एक मारुति अर्टिगा कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते पूरी कार आग की लपटों में घिर गई और जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि कार में सवार चालक और दो महिलाओं सहित सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी तरह की जनहानि टल गई। हालांकि, कार में रखा सारा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया।

घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सीसीएफ ऑफिस के पास आग लगने की सूचना मिलते ही प्रशासन को जानकारी दी गई, लेकिन फायर ब्रिगेड की टीम लगभग आधे घंटे बाद पहुंची। तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।

जानकारी के अनुसार, यह कार एक ट्रैवल्स कंपनी की थी और इसमें वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक मनोज गुप्ता के परिवार के सदस्य सवार थे। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कार में लगी सीएनजी किट में लीक या खराबी के कारण आग लगी। हालांकि, आग लगने के सटीक कारणों की पुष्टि पुलिस और फायर विभाग की विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।

यह घटना शहर में सीएनजी से चलने वाले वाहनों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोग कह रहे हैं कि यदि जांच में सीएनजी किट को दोषी पाया जाता है, तो भविष्य में ऐसे वाहनों के उपयोग में अधिक सावधानी बरती जाएगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *