रीवा | विंध्य के सुप्रसिद्ध पर्यटन और धार्मिक स्थल रानी तालाब में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए बेखौफ बदमाशों ने रविवार शाम लूट की एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। शहडोल से एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने आईं सास-बहू से हथियारबंद लुटेरों ने सोने के मंगलसूत्र और हार लूट लिए और विरोध करने पर कट्टा दिखाकर फरार हो गए।
दर्शन के बाद पार्क में टहल रही थीं महिलाएं
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहडोल निवासी कृष्णा वर्मा अपनी बहू अंकिता वर्मा के साथ रीवा के घोघर तकिया मोहल्ले में अपने भाई के यहाँ एक ‘बरहों’ कार्यक्रम में शामिल होने आई थीं। रविवार शाम मंदिर में दर्शन करने के बाद जब वे रानी तालाब पार्क में टहल रही थीं, तभी अचानक 4 से 5 हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।
हथियारों के दम पर लूटे लाखों के जेवर
बदमाशों ने गन पॉइंट पर महिलाओं को डराया और झपट्टा मारकर लूटपाट शुरू कर दी। लुटेरों ने सास कृष्णा वर्मा के गले से दो सोने के मंगलसूत्र और एक हार छीन लिया। और बहू अंकिता वर्मा के गले से भी दो सोने के मंगलसूत्र पार कर दिए।
कट्टा और चाकू दिखाकर दी जान से मारने की धमकी
हैरानी की बात यह है कि जब महिलाओं के साथ मौजूद एक युवक ने साहस दिखाते हुए लुटेरों का पीछा करने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उस पर कट्टा और चाकू तान दिया। युवक को जान से मारने की धमकी देते हुए लुटेरे पार्क की बाउंड्री वॉल फांदकर रफूचक्कर हो गए। पीड़ितों ने बताया कि लुटेरे सांवले रंग के थे और हथियारों से लैस होकर वारदात को अंजाम देने आए थे।
पुलिस महकमे में हड़कंप, सुरक्षा पर उठे सवाल
सोमवार को डरी-सहमी पीड़ित महिलाएं पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँचीं और आपबीती सुनाई। शिकायत दर्ज होने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस सक्रिय हुई है और संदेहियों की धरपकड़ के लिए घेराबंदी शुरू कर दी गई है।
पुलिस की गश्त और सुरक्षा दावों की खुली पोल
शहर के सबसे व्यस्त और सीसीटीवी कैमरों से लैस माने जाने वाले रानी तालाब जैसे सार्वजनिक स्थल पर अगर दिनदहाड़े ऐसी वारदात हो रही है, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या? इस घटना ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोलकर रख दी है।

