मैहर: मैहर जिले के नादन देहात थाना क्षेत्र के खरमसेड़ा नाले के पास शनिवार रात एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया, जहां जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने जा रहे मामा और उसके दो मासूम भांजे उफनते नाले के तेज बहाव में मोटरसाइकिल समेत बह गए। इस हृदयविदारक घटना में तीनों की पानी में डूबने से मौत हो गई, जिनके शव रेस्क्यू टीम द्वारा लगभग 20 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बरामद किए गए हैं।
नाले के तेज बहाव में असंतुलित हुई बाइक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खरमसेड़ा निवासी 19 वर्षीय अंकुल कुशवाहा अपने दो भांजों सार्थक कुशवाहा (7 वर्ष) और विराज कुशवाहा (5 वर्ष) के साथ शनिवार रात करीब 10 बजे जूरा गांव से आगे खरमसेड़ा नाले के पास पहुंचे। इस दौरान रपटे के ऊपर से बरसाती पानी का तेज बहाव हो रहा था। अंधेरा होने के बावजूद अंकुल ने मोटरसाइकिल से नाला पार करने का दुस्साहस किया, जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और तीनों गहरे पानी में जा गिरे।
20 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बरामद हुए शव
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया। लगातार चले सर्च ऑपरेशन के बाद रविवार शाम को दोनों मासूम भांजों सार्थक और विराज के शव बरामद कर लिए गए थे, जबकि मामा अंकुल का शव भी रात में कड़ी मशक्कत के बाद खोज निकाला गया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे शव
प्रशासन द्वारा तीनों शवों को मैहर सिविल अस्पताल की मर्चुरी में सुरक्षित रखवाया गया है। सोमवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शवों को उनके शोकाकुल परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार और पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

