वृंदावन। मथुरा के वृंदावन में पर्यटकों से भरी नाव यमुना नदी में पलट गई। इस घटना में अब तक 10 पर्यटकों की डूबने से मौत होने की जानकारी सामने आ रही। जिसमें 7 महिलाएं और 3 पुरुष के मौत की जानकारी सामने आई है। हादसा दोपहर करीब 3 बजे केसी घाट पर हुआ, जो श्रीबांके बिहार मंदिर से ढाई किमी की दूरी पर है। राहत और बचाव कार्य के लिए सेना को बुलाया गया है।
पंजाब से आया था 150 लोगों का दल
जानकारी के तहत नाव हादसे के शिकार हुए लोग पंजाब के रहने वाले है। बताया जा रहा है कि 150 लोगों का दल लुधियाना, पंजाब और मुक्तेश्वर से आया हुआ था, जिसमें हादसे के शिकार लोग भी शामिल थे। पर्यटकों का कहना था कि घटना के समय तेज हवा चल रही थी। यमुना नदी के बीच में नाव तेज हवा से अचानक डगमगाने लगी। स्पीड भी बढ़ गई। तभी नाव पीपापुल से टकराकर पलट गई।
सीएम योगी ने जताया दुख
हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताते हुए एक्स पर लिखा, जनपद मथुरा में नाव पलटने से हुई दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।
