कोलकाता। देश भर में दुर्गा पूजा के चलते आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। इसी बीच शनिवार को कोलकाता, ग्वालियर समेत देश के 5 स्थानों पर ऐसी घटनाएं घटी है कि हर कोई सहम गया। जानकारी के तहत उक्त घटनाओं में अब तक 42 लोगो की मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ो लोग घायल हो गए है। घटी घटनाओं के चलते आस्था पर हादसे भारी पड़ गए और शनिवार की यह काली रात मातम में बदल गई। अलग-अलग राज्यों और शहरों से आई इन खबरों ने पूरे देश को झकझोर दिया। कोलकाता, आसनसोल, ग्वालियर, हैदराबाद और बलरामपुर में हुए हादसों में भगदड़, ट्रक हादसा, चिमनी गिरना, लाइटिंग स्टैंड गिरना और तेज रफ्तार वाहन की टक्कर जैसी घटनाएं शामिल हैं।
कोलकाता में भगदड़ से 19 लोगो की मौत
कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार रात भगदड़ मचने से 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं। घायलों का शहर के 3 अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। रविवार सुबह गृह मंत्री अमित शाह घायलों से मिलने अपोलो अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने पूजा कमेटी के सचिव और उपाध्यक्ष समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। ये सभी उन 14 लोगों में शामिल हैं, जिन्हें शनिवार रात हिरासत में लिया गया था। पुलिस ने मामले में गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है।
बंगाल सरकार ने किया था सम्मानित
हादसे का शिकार हुआ चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल घटना से सिर्फ 2 दिन पहले पश्चिम बंगाल सरकार के हाथों ‘देवी दुर्गा सम्मान 2026’ से सम्मानित हुआ था। इसे ‘बेस्ट ऑफ बेस्ट’ कैटेगरी में चुना गया था। शनिवार शाम बारिश के दौरान पंडाल में भीड़ बढ़ने, अंधेरे और संकरे रास्तों के बीच भगदड़ मची थी।
चिमनी गिरने से 4 लोगो की मौत
शनिवार की शाम पश्चिम बंगाल के आसनसोल के एक पावर प्लांट में निर्माणाधीन चिमनी का एक हिस्सा ढह गया। जिसमें अब तक 4 लोगों की मौत हुई है। यह हादसा उस समय हुआ जब कई लोग वहां काम कर रहे थे।
डांडिया के दौरान इंजीनियरिंग छात्रा की मौत
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के एक इंजीनियरिंग कॉलेज में शनिवार को डांडिया कार्यक्रम के दौरान रोशनी के लिए लगाए गए एक लाइटिंग स्टैंड के गिरने से इंजीनियरिंग की एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य लोग घायल हो गए। कॉलेज में नवरात्रि पर डांडिया नाइट का आयोजन किया गया था। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थीं। लाइटिंग और साउंड के लिए अस्थायी स्ट्रक्चर लगाए गए थे। तेज हवा के कारण एक स्टैंड अचानक गिर गया। घटना के बाद कार्यक्रम रोक दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कॉलेज प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है।
यूपी के बलरामपुर में 3 की मौत
दुर्गा पूजा के दौरान उत्तर-प्रदेश के बलरामपुर में एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां के चरनगहिया बेलहा गांव में सड़क किनारे पर्दा लगाकर वीडियो देख रहे लोगों को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में 7 लोग घायल हुए। इलाज के दौरान इनमें से 3 लोगों की मौत हो गई। गांव में पंडाल के पास लोग सड़क किनारे बैठकर वीडियो देख रहे थे, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें कुचल दिया। जिससे वहां मौजूद लोगो में चीख पुकार मच गई। मौके पर पहुची पुलिस हादसे को लेकर जांच कर रही है।

