रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में कम समय में पैसा दोगुना करने का झांसा देकर करोड़ों रुपए की ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक शातिर दंपती ने अपनी लोक-लुभावन स्कीमों के जाल में फंसाकर करीब 200 मासूम लोगों को अपना शिकार बनाया और उनकी जीवनभर की गाढ़ी कमाई लेकर चंपत हो गए। स्थानीय पुलिस थाने से न्याय न मिलने से नाराज दर्जनों पीड़ितों ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई व अपनी डूबी रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई।
महिलाओं को बनाया आसान शिकार, ऐसे जीता लोगों का भरोसा ठगी के शिकार पीड़ितों ने असलम और उसकी पत्नी अबला सुल्ताना उर्फ नंदा पर इस पूरे फर्जीवाड़े का आरोप लगाया है। पीड़ितों के मुताबिक, यह शातिर दंपती कम समय में निवेश की गई रकम को दोगुना करने का लालच देता था, जिसमें उन्होंने विशेष रूप से मध्यमवर्गीय महिलाओं को अपना निशाना बनाया। शुरुआत में लोगों को जाल में फंसाने के लिए दंपती ने कुछ निवेशकों को समय पर दोगुनी रकम लौटाकर उनका भरोसा जीता। जब लोगों को विश्वास हो गया, तो उन्होंने अपनी जमीनों को बेचकर, जेवर गिरवी रखकर और रिश्तेदारों से उधार लेकर लाखों-करोड़ों रुपए इस दंपती के पास जमा कर दिए। जब मोटी रकम इकट्ठा हो गई, तो आरोपी दंपती ने अचानक टालमटोल करना शुरू कर दिया और रातों-रात शहर छोड़कर फरार हो गए।
कई परिवारों के सामने खड़ा हुआ आर्थिक संकट, थानों के चक्कर काटकर थके पीड़ित एसपी ऑफिस पहुंचे पीड़ित असलम अंसारी और जन्नत खान ने भावुक होते हुए अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने बताया कि इस धोखेबाज़ी के कारण कई परिवारों के सामने अब दाने-दाने का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ितों का आरोप है कि उन्होंने इस धोखाधड़ी की शिकायत संबंधित थाने में कई बार दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और अब तक आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इसी पुलिसिया लापरवाही से आक्रोशित होकर आज बड़ी संख्या में पीड़ित, जिनमें अधिकांश महिलाएं थीं, एसपी कार्यालय पहुंचे और न्याय की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
एसपी ने दिया निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का आश्वासन मामले की गंभीरता को देखते हुए रीवा के पुलिस अधीक्षक गुरुकरण सिंह ने सभी पीड़ितों की शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना और उन्हें इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने का ठोस भरोसा दिया है। एसपी ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों के खिलाफ जल्द ही संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना की जाएंगी। दूसरी ओर, ठगी के शिकार आक्रोशित लोगों का कहना है कि जब तक कलयुगी दंपती की गिरफ्तारी नहीं होती और उनकी डूबी हुई रकम वापस नहीं मिल जाती, तब तक उनका यह संघर्ष और आंदोलन लगातार जारी रहेगा।

