Site iconSite icon SHABD SANCHI

लालच देकर सामूहिक धर्मांतरण, ईसाई मिशनरी से जुड़े 9 लोग गिरफ्तार

dharmantarandharmantaran

dharmantaran

यूपी के सोनभद्र में गरीब आदिवासियों को लालच देकर आंध्रप्रदेश और तमिलनाडु व यूपी के कुछ लोग धर्मांतरण करा रहे थे. इसकी शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने 42 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है. इसमें से 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है.

यूपी के सोनभद्र जिले में अवैध तरीके से गरीब आदिवासियों को लालच देकर उनका धर्मांतरण कराने का मामला सामने आया है, जिसमें 42 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. साथ ही 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों से धार्मिक पुस्तक, प्रचार सामग्री, और लैपटॉप बरामद किए गए हैं.

इस मामले के संबध में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया कि जिले के चोपन थाना क्षेत्र के मलहिया टोला निवासी नरसिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोग आदिवासी लोगों और गरीबों को गैर क़ानूनी तरीके से ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रलोभन दे रहे हैं. इसके बाद पुलिस ने मामले की पड़ताल की. शिकायत के आधार पर उत्तर प्रदेश गैर क़ानूनी धर्म परिवर्तन निषेध अधिनियम के तहत 42 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है.

9 आरोपी गिरफ्तार किए गए

पुलिस ने इस मामले में नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में तमिलनाडु का रहने वाला जयप्रभु, उत्तरप्रदेश का अजय कुमार और आंध्रप्रदेश का चेक्का इमैनुएल शामिल है. अन्य गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राजेंद्र कोल छोटू उर्फ़ रंजन, सोहन, प्रेम नाथ प्रजापति और राम प्रताप के रूप में हुई है. पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है.

सामूहिक धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था

बताया गया कि चोपन थाना क्षेत्र में चंगाई सभा आयोजित की गई थी, जहां आस-पास के गांव के भोले-भाले लोगों को गुमराह कर धन, सामग्री और उनकी बीमारी को ठीक करने व प्रलोभन देकर जबरन धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था. चंगाई सभा की आड़ में सामूहिक धर्मांतरण का मामला सामने आया है. सूचना के बाद जब पुलिस ने चंगाई सभा में छापा मारा तो सामूहिक धर्मांतरण का खुलासा हुआ है.

Exit mobile version