सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा और शाहगढ़ विकासखंड में जहरीली अवैध शराब का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब तक 28 लोगों के मरने की खबर सामने आ रही है। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसको लेकर सरकार और विपक्ष आमने-सामने हैं।
मामले में पुलिस ने 33 आरोपियों में से अब तक 16 को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ में सामने आई जानकारी के आधार पर शराब दुकान के लाइसेंसी ठेकेदार मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर निवासी बंडा की भूमिका भी सामने आ रही है।
पुलिस के अनुसार, मनीष लोधी लगातार अंतरराज्यीय शराब तस्कर रवि लखेरा के संपर्क में था। आरोप है कि उसने रवि लखेरा से अवैध शराब बनाने का फॉर्मूला और तरीका जानने के बाद शराब बनाने का काम शुरू किया।
सरपंच के खेत से शराब और सामान बरामद
मामले में एक अन्य आरोपी ततरवारा गांव के सरपंच चंद्रभान उर्फ चंदू पिता द्वारका सिंह राजपूत के खेत से भी पुलिस ने सामान बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, यहां से 164 क्वार्टर सागर गोल्ड प्लेन मदिरा, 27 लीटर अमानक शराब और शराब बनाने व पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री मिली है।
पुलिस ने रवि लखेरा और मनीष लोधी पर 20-20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। वहीं, अन्य सभी आरोपियों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम रखा गया है।
अवैध शराब नेटवर्क की जांच
जांच में अवैध शराब की सप्लाई से जुड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क की बात सामने आ रही है। पुलिस और प्रशासन ने इस पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से आ रही थी, कहां तैयार की गई, इसमें इस्तेमाल होने वाला जहरीला पदार्थ कहां से आया और इसे गांवों तक कैसे पहुंचाया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। पप्पू लोधी निवासी मेहरौनी, ललितपुर के खिलाफ थाना बहेरोल में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत केस दर्ज है। फिलहाल वह जेल में है।
वहीं, रवि लखेरा अंतरराज्यीय शराब तस्कर गिरोह से जुड़ा बताया जा रहा है। उसके खिलाफ 25 मामले दर्ज हैं। वर्ष 2025 में थाना बहेरिया, जिला सागर में भी उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
चंद्रभान उर्फ चंदू राजपूत निवासी ततरवारा के खिलाफ पांच मामले दर्ज हैं, जबकि मनीष लोधी के खिलाफ 11 केस दर्ज हैं। इनमें छह मामले शराब तस्करी से जुड़े हुए हैं।
अस्पतालों में मरीजों का इलाज जारी
जहरीली शराब पीने के बाद बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ी है। कई मरीजों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ मरीजों को वेंटिलेटर और डायलिसिस की जरूरत पड़ने की जानकारी सामने आई है। रिपोर्टों में जहरीली शराब के असर से मरीजों की आंखों और किडनी पर असर पड़ने की बात भी कही गई है। अस्पतालों में मरीजों का इलाज जारी है।
कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
मामले को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर हमला बोला है। राहुल गांधी ने X पर लिखा- भारत की सबसे भ्रष्ट सरकार वाले राज्य मध्यप्रदेश में शासन नाम की कोई चीज बची ही नहीं। दवा जहरीली। शराब जहरीली। पानी जहरीला। नए कानून बना दिए जाते हैं, लेकिन अगले हादसे तक उन्हें किसी तहखाने में डाल दिया जाता है।
उन्होंने लिखा- जहरीली शराब ने प्रदेश के सागर में अनेक लोगों की जान लेकर उन सभी घरों में मातम पहुंचा दिया है, लेकिन मध्यप्रदेश को पता है आगे क्या होगा। कुछ गिरफ्तारियां होंगी, कुछ अधिकारी सस्पेंड होंगे, जांच के आदेश होंगे, क्योंकि ये पहली बार नहीं है।

