Site iconSite icon SHABD SANCHI

सिंगरौली में भैंस चोरी के शक में 14 साल के मासूम को लाठी-डंडों से पीटा, इलाज के दौरान मौत, हत्या का केस दर्ज

14-year-old boy killed in Singrauli on suspicion of buffalo theft.14-year-old boy killed in Singrauli on suspicion of buffalo theft.

14-year-old boy killed in Singrauli on suspicion of buffalo theft.

सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहाँ महज भैंस चोरी में शामिल होने के मामूली शक में तीन दबंगों ने 14 साल के एक मासूम बच्चे को लाठी-डंडों से इस कदर पीटा कि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दबंगों के खौफ का आलम यह था कि डरा-सहमा परिवार गंभीर रूप से घायल बच्चे को न तो अस्पताल ले जा सका और न ही पुलिस में शिकायत कर पाया। जब बच्चे की तबीयत बेहद नाजुक हो गई, तब उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसने दम तोड़ दिया। शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

₹400 के लालच का आरोप लगा बेरहमी से की पिटाई

जानकारी के मुताबिक, यह पूरा विवाद करकोसा गांव के रहने वाले आसमान सिंह की भैंस चोरी होने से शुरू हुआ था। इस मामले में पुलिस ने तीन चोरों को गिरफ्तार भी कर लिया था, लेकिन आसमान सिंह और उसके परिवार को शक था कि सरईडर गांव के रहने वाले 14 वर्षीय विनोद सिंह को इस चोरी की पूरी जानकारी थी। आरोपियों का आरोप था कि चोरों ने विनोद को ₹400 का लालच देकर भैंस को खूंटे से छोड़कर थोड़ी दूर तक हांकने के लिए कहा था। इसी शक के आधार पर आरोपियों ने 7 जुलाई को मासूम विनोद को बंधक बना लिया और लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।

सिर में खून का थक्का जमने से तड़प-तड़प कर तोड़ा दम

इस जानलेवा मारपीट के कारण विनोद के सिर और दाहिनी कनपटी पर गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। आरोपियों के डर से परिजनों ने दो दिनों तक घटना को छुपाए रखा, लेकिन 8 जुलाई की रात जब विनोद की हालत बहुत ज्यादा बिगड़ गई, तो उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ते हुए 9 जुलाई की रात विनोद ने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत के बाद बदहवास परिजन सासन पुलिस चौकी पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई।

चौकी प्रभारी का बयान: “मासूम विनोद की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से यह साफ हुआ है कि सिर में लगी गंभीर अंदरूनी चोट और खून का थक्का (ब्लड क्लॉट) जमने की वजह से उसकी मौत हुई है। परिजनों की शिकायत और पीएम रिपोर्ट के आधार पर मुख्य आरोपी आसमान सिंह और उसके दो भतीजों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।”

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें रवाना

इस हृदयविदारक घटना के बाद से ही तीनों आरोपी गांव छोड़कर फरार हैं। पुलिस ने बताया कि फरार चाचा और उसके दोनों भतीजों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। आरोपियों को दबोचने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस प्रशासन का दावा है कि जल्द ही तीनों आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। वहीं, इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में आक्रोश और शोक की लहर है।

Exit mobile version